मुंबई : मुंबई इंडियंस के मुख्य कोच महेला जयवर्धने ने मंगलवार को कहा कि टीम इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) प्लेऑफ में जगह बनाने की ‘हमेशा से दावेदारी' में थी और मौजूदा सत्र में लगातार छह मैच जीतने के बाद अपनी किस्मत खुद तय करने की हकदार है। पांच बार की आईपीएल विजेता मुंबई इंडियंस को प्लेऑफ में चौथा और अंतिम स्थान हासिल करने के लिए बुधवार को दिल्ली कैपिटल्स के खिलाफ जीत की जरूरत होगी। प्लेऑफ में गुजरात टाइटन्स, रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु और पंजाब किंग्स अन्य तीन टीमें हैं। मुंबई की टीम इस मैच में अगर हार का सामना करती है तो उसे 24 मई को दिल्ली कैपिटल्स और पंजाब किंग्स बीच होने वाले मुकाबले के नतीजे पर निर्भर रहना होगा।
जयवर्धने ने दिल्ली कैपिटल्स के खिलाफ टीम के मैच की पूर्व संध्या पर कहा कि हम लगातार 6 जीत के बाद हमेशा प्लेऑफ के लिए दावेदार थे। हमारे लिए टूर्नामेंट (फिर से) शुरू होने पर और अच्छा क्रिकेट खेलना जारी रखना जरुरी है। खिलाड़ी इसका इंतजार कर रहे थे। हमारा अभ्यास सत्र बहुत अच्छा रहा और हम एक समय में एक ही मैच पर ध्यान दे रहे हैं। उन्होंने कहा कि यह (प्लेऑफ में पहुंचना) हमारे नियंत्रण में है, यहां होना एक शानदार स्थिति है। मैंने खिलाड़ियों से अपनी योजना को पहले की तरह आगे बढ़ने के लिए कहा है। किसी और के नियंत्रण में होने और उस स्थिति को देखने से बेहतर है कि हम इसे अपने नियंत्रण में रखें। हम कल अपना सर्वश्रेष्ठ क्रिकेट खेलने की कोशिश करेंगे।
आईपीएल 2025 में मुंबई इंडियंस (MI) ने शुरुआती चुनौतियों के बाद शानदार वापसी की। सीजन की शुरुआत में पांच में से केवल एक मैच जीतने के बावजूद मुंबई ने मई 2025 तक पॉइंट्स टेबल में शीर्ष स्थान हासिल किया। हार्दिक पांड्या की नाबाद 48 रन की पारी और ट्रेंट बोल्ट व कर्ण शर्मा की शानदार गेंदबाजी ने टीम को 217/2 जैसे स्कोर तक पहुंचाया। रोहित शर्मा और सूर्यकुमार यादव जैसे बल्लेबाजों के साथ मुंबई ने प्लेऑफ में जगह पक्की करने के लिए दिल्ली कैपिटल्स और लखनऊ सुपर जायंट्स के खिलाफ कड़ा मुकाबला किया।