स्पोर्ट्स डेस्क : Kolkata Knight Riders ने Indian Premier League 2026 से पहले अपनी टीम में बड़ा बदलाव किया है। टीम ने चोटिल तेज गेंदबाज आकाश दीप की जगह विदर्भ के बाएं हाथ के पेसर सौरभ दुबे को टीम में शामिल किया है। आकाश दीप फिलहाल बेंगलुरु के सेंटर ऑफ एक्सीलेंस में रिहैब कर रहे हैं। उनकी चोट कितनी गंभीर है, इस पर अभी तक आधिकारिक जानकारी सामने नहीं आई है।
राहुल द्रविड़ ने पहचानी थी प्रतिभा
सौरभ दुबे के लिए KKR से जुड़ना किसी बड़े मौके से कम नहीं है। दिलचस्प बात यह है कि उनकी प्रतिभा को सबसे पहले दिग्गज क्रिकेटर Rahul Dravid ने पहचाना था। 2019 में एसीसी इमर्जिंग टीम्स एशिया कप के दौरान द्रविड़ ने उनकी गेंदबाजी की तारीफ की थी। सौरभ के पास गेंद को दोनों तरफ स्विंग कराने की क्षमता है, जो ईडन गार्डन्स जैसे मैदान पर काफी खतरनाक साबित हो सकती है।
ऑक्शन में रहे थे अनसोल्ड
सौरभ दुबे का IPL सफर अब तक आसान नहीं रहा है। 2022 में उन्हें Sunrisers Hyderabad ने टीम में शामिल किया था, लेकिन चोट के कारण वह एक भी मैच नहीं खेल पाए। IPL 2026 मिनी ऑक्शन में भी उन्हें किसी टीम ने नहीं खरीदा और वह अनसोल्ड रहे। लेकिन अब किस्मत ने उन्हें एक और मौका दिया है और वह KKR के लिए खेलते नजर आएंगे।
हर्षित राणा भी टूर्नामेंट से बाहर
KKR की मुश्किलें यहीं खत्म नहीं हुई हैं। टीम के तेज गेंदबाज हर्षित राणा घुटने की चोट के कारण पूरे टूर्नामेंट से बाहर हो गए हैं। हर्षित राणा डेथ ओवर्स में टीम के मुख्य गेंदबाज माने जाते थे, इसलिए उनका बाहर होना टीम के लिए बड़ा झटका है। फिलहाल टीम ने उनके रिप्लेसमेंट का ऐलान नहीं किया है।
KKR के लिए बड़ा मौका
सौरभ दुबे के पास अब खुद को साबित करने का बड़ा मौका है। अगर वह अच्छा प्रदर्शन करते हैं तो वह IPL में अपनी पहचान बना सकते हैं। KKR टीम मैनेजमेंट को उनसे काफी उम्मीदें होंगी, खासकर तब जब टीम के दो तेज गेंदबाज चोट के कारण बाहर हो चुके हैं।