स्पोर्ट्स डेस्क : Jannik Sinner ने कैलिफोर्निया में खेले गए प्रतिष्ठित Indian Wells के फाइनल में Daniil Medvedev को 7-6(6), 7-6(4) से हराकर खिताब अपने नाम कर लिया। दूसरे सेट के टाईब्रेक में 4-0 से पीछे होने के बाद सिनर ने लगातार सात अंक जीतकर शानदार वापसी की और बिना एक भी सेट गंवाए टूर्नामेंट जीत लिया।
दुनिया के नंबर-2 खिलाड़ी सिनर ने पिछले 10 मुकाबलों में मेदवेदेव को नौवीं बार हराया। इससे पहले मेदवेदेव ने सेमीफाइनल में टॉप सीड Carlos Alcaraz को हराकर उनके इस साल के अपराजेय अभियान को रोक दिया था।
इटली के लिए खास रहा यह दिन
फाइनल जीतने के बाद सिनर ने इटली के युवा रेसर Kimi Antonelli को भी बधाई दी, जिन्होंने उसी दिन Chinese Grand Prix जीता। सिनर ने कहा कि यह इटली के लिए खास दिन है। उन्होंने बताया कि वे फॉर्मूला-1 के बड़े प्रशंसक हैं और किसी युवा इतालवी को देश का नाम रोशन करते देखना बेहद गर्व की बात है।
सबालेंका ने रोमांचक मुकाबले में रिबाकिना को हराया
महिला फाइनल में दुनिया की नंबर-1 खिलाड़ी Aryna Sabalenka ने Elena Rybakina को 3-6, 6-3, 7-6(6) से हराकर अपना पहला इंडियन वेल्स खिताब जीता। यह मुकाबला बेहद रोमांचक रहा और निर्णायक सेट का फैसला टाईब्रेक में हुआ। गर्म मौसम में खेले गए इस मैच में सबालेंका ने तीसरे सेट में 5-4 पर जीत का मौका गंवा दिया था, लेकिन टाईब्रेक में उन्होंने शानदार वापसी करते हुए बैकहैंड विनर के साथ मैच अपने नाम कर लिया।
मानसिक मजबूती बनी जीत की कुंजी
मैच के बाद सबालेंका ने कहा कि उनका लक्ष्य पूरे मुकाबले में मानसिक रूप से मजबूत बने रहना था। उन्होंने बताया कि चाहे परिस्थिति कैसी भी हो, उन्हें अपने बॉडी लैंग्वेज से यह दिखाना था कि वे लड़ाई जारी रखेंगी। सबालेंका के लिए यह समय खास रहा है। हाल ही में उन्हें एक पप्पी और ब्राजीलियाई बिजनेसमैन Georgios Frangulis से सगाई की अंगूठी मिली थी और अब इंडियन वेल्स का खिताब भी उनके नाम हो गया।
हेड-टू-हेड में सबालेंका को बढ़त
यह दोनों खिलाड़ियों के बीच 16वां मुकाबला था, जिसमें अब सबालेंका 9-7 से आगे हो गई हैं। इससे पहले रिबाकिना ने 2025 के WTA फाइनल्स और इस साल ऑस्ट्रेलियन ओपन में सबालेंका को हराया था।
अब मियामी ओपन की तैयारी
खिताब जीतने के बाद सबालेंका के पास जश्न मनाने के लिए ज्यादा समय नहीं है। उन्हें उसी रात Miami Open के लिए रवाना होना था, जहां वे डिफेंडिंग चैंपियन हैं। उन्होंने मजाक में कहा कि शायद फ्लाइट में एक-दो ड्रिंक के साथ जश्न मना लें, क्योंकि मियामी में खिताब बचाने के लिए उन्हें अपना सर्वश्रेष्ठ टेनिस खेलना होगा।