नई दिल्ली : ओलंपियन ईशा सिंह ने एशियाई निशानेबाजी चैंपियनशिप (पिस्टल/राइफल) के पहले ही दिन भारत को दो स्वर्ण पदक दिलाकर शानदार आगाज़ किया। महिलाओं की 10 मीटर एयर पिस्टल व्यक्तिगत स्पर्धा के साथ-साथ टीम इवेंट में भी ईशा की अगुवाई में भारत ने स्वर्ण पदक अपने नाम किया।
पिछड़ने के बाद ईशा की जोरदार वापसी
21 वर्षीय ईशा सिंह ने फाइनल में शुरुआती पिछड़न के बावजूद जबरदस्त संयम दिखाया और 239.8 अंक हासिल कर स्वर्ण पदक जीता। उन्होंने चीनी ताइपे की चेंग येन चिंग (235.4) और यू ऐ वेन (217.7) को पीछे छोड़ा। यह ईशा का सीनियर एशियाई चैंपियनशिप में दूसरा स्वर्ण है।
सुरुचि और मनु का प्रदर्शन
भारत की युवा निशानेबाज सुरुचि सिंह फाइनल में चौथे स्थान पर रहीं, जबकि पेरिस ओलंपिक में दो कांस्य पदक जीत चुकी मनु भाकर सातवें स्थान पर रहीं। क्वालीफाइंग राउंड में सुरुचि ने 576 अंक, जबकि ईशा और मनु ने 575-575 अंक हासिल कर फाइनल में जगह बनाई।
टीम इवेंट में भी भारत को स्वर्ण
महिलाओं की 10 मीटर एयर पिस्टल टीम स्पर्धा में सुरुचि (576), मनु (575) और ईशा (575) की तिकड़ी ने कुल 1726 अंक जुटाकर भारत को स्वर्ण पदक दिलाया। वियतनाम और चीनी ताइपे क्रमशः दूसरे और तीसरे स्थान पर रहे।
सम्राट राणा को कांस्य से संतोष
पुरुषों की 10 मीटर एयर पिस्टल स्पर्धा में विश्व चैंपियन सम्राट राणा से स्वर्ण की उम्मीद थी, लेकिन फाइनल में वे अपेक्षित प्रदर्शन नहीं कर सके और 220.3 अंक के साथ कांस्य पदक से संतोष करना पड़ा। उज्बेकिस्तान के व्लादिमीर स्वेचनिकोव ने स्वर्ण पदक जीता।
पुरुष टीम को रजत पदक
पुरुष टीम स्पर्धा में सम्राट राणा (581), श्रवण कुमार (578) और वरुण तोमर (573) ने कुल 1732 अंक जुटाए। हालांकि ‘इनर 10’ के आधार पर उज्बेकिस्तान ने स्वर्ण और भारत को रजत पदक मिला।
सबसे बड़ा दल भारत का
इस चैंपियनशिप में भारत ने 118 निशानेबाजों का सबसे बड़ा दल उतारा है, जबकि कजाकिस्तान के 35 खिलाड़ी टूर्नामेंट में भाग ले रहे हैं।