Sports

लंदनः भारतीय महिला हाकी टीम ने आखिरी क्षणों में गोल गंवाकर दुनिया की दूसरे नंबर की टीम इंग्लैंड के खिलाफ महिला हाकी विश्व कप में पूल बी के पहले मैच में 1.1 से ड्रा खेला। नेहा गोयल ने 25वें मिनट में भारत को बढत दिला दी लेकिन 54वें मिनट में लिली ओसले ने इंग्लैंड के लिए पेनल्टी कार्नर पर बराबरी का गोल दागा। दुनिया की 10वें नंबर की टीम भारत ने रोमांचक मुकाबले में इंग्लैंड पर अधिकांश समय दबाव बनाए रखा।       

पहले दो क्वार्टर में भारत का पलड़ा भारी रहा हालांकि मेजबान को पांच पेनल्टी कार्नर मिले लेकिन एक पर भी गोल नहीं हो सका। गोलकीपर सविता पूनिया ने कई गोल बचाकर इंग्लैंड की फारवर्ड पंक्ति को कामयाबी हाथ नहीं लगने दी। मेजबान टीम को मिले पेनल्टी कार्नर बेकार गए। इंग्लैंड को 32वें सेकंड में ही पहला जबकि आठवें मिनट में दूसरा पेनल्टी कार्नर मिला लेकिन भारतीय डिफेंडरों ने उसे गोल नहीं करने दिया। दूसरे क्वार्टर में इंग्लैंड को दो पेनल्टी कार्नर और मिले लेकिन सविता ने एक बार फिर मुस्तैदी दिखाई। दूसरी ओर भारत ने इंग्लैंड के डिफेंस में लगातार सेंध मारी और 25वें मिनट में नेहा गोयल ने फील्ड गोल करके भारत को बढत दिला दी।           

भारत ने तीसरे क्वार्टर में भी अपनी बढत बरकरार रखी। आखिरी क्वार्टर में इंग्लैंड ने लगातार हमले बोले। इंग्लैंड को 48वें मिनट में एक और पेनल्टी कार्नर मिला जो बेकार गया। पांच मिनट बाद भारतीय गोलकीपर सविता ने पेनल्टी कार्नर पर शुरूआती शाट बचा लिया लेकिन ओसले ने रिबाउंड पर बराबरी का गोल दाग दिया। वैसे भारत का यह प्रदर्शन उत्साहवर्धक कहा जायेगा क्योंकि राष्ट्रमंडल खेलों में कांस्य पदक के मुकाबले में इंग्लैंड ने भारत को 6 . 0 से हराया था। वहीं ग्रुप चरण में भारत ने इंग्लैंड को 2.1 से मात दी थी। भारत 26 जुलाई को आयरलैंड से खेलेगा।