Sports

जकार्ता : गत चैंपियन भारत ने गोलों की बौछार करने का सिलसिला जारी रखते हुए जापान को 18वें एशियाई खेलों की पुरुष हॉकी प्रतियोगिता के पूल ए में 8-0 से पीटकर जीत की हैट्रिक पूरी की और सेमीफाइनल में स्थान बना लिया। भारत ने हांगकांग के खिलाफ पिछले मुकाबले में 86 साल का पुराना रिकार्ड तोड़ 26-0 के स्कोर के साथ अपनी सबसे बड़ी जीत दर्ज की थी। जापान को 8 गोल से पीटने के साथ ही भारत ने इन खेलों में तीन मैचों में 50 गोल पूरे कर लिए हैं।

PunjabKesari

गत चैंपियन भारतीय टीम इसके साथ ही पूल-ए में शीर्ष पर पहुंच गयी है और उसका सेमीफाइनल स्थान सुनिश्चित हो चुका है। हालांकि अभी दो पूल मैच खेले जाने शेष हैं। भारत और कोरिया के तीन-तीन मैचों में एक समान 9-9 अंक हैं लेकिन भारत ज्यादा गोल करने के कारण अंक तालिका में शीर्ष पर पहुंच गया है। कोरिया ने तीन मैचों में 34 गोल किए हैं।

PunjabKesari

भारतीय टीम का अगला मुकाबला रविवार को कोरिया के साथ होगा जिसमें भारत की असली परीक्षा होगी। इस मुकाबले को जीतने वाली टीम पूल ए में शीर्ष पर रहेगी। भारत ने मैच में सातवें मिनट में गोल की शुरुआत की जब एस वी सुनील ने भारत का पहला गोल दाग दिया। दिलप्रीत सिंह ने भारत को 12वें मिनट में 2-0 से आगे कर दिया। भारत का तीसरा गोल ड्रैग फ्लिकर रूपिंदर पाल सिंह ने 17वें मिनट में पेनल्टी कॉर्नर पर किया। गत चैंपियन टीम आधे समय तक 3-0 से आगे थी। भारत ने दूसरे हाफ में पांच गोल दागकर आसान जीत हासिल की। 

PunjabKesari

मनदीप सिंह ने 32वें मिनट में भारत का चौथा गोल दागा। भारत को 38वें मिनट में पेनल्टी स्ट्रोक मिला जिस पर रूपिंदर ने जापान के गोलकीपर को छकाने में कोई गलती नहीं की। भारत अब 5-0 से आगे हो गया। चौथा क्वार्टर शुरू होते ही आकाशदीप सिंह ने 46वें मिनट में भारत का छठा और विवेक प्रसाद ने 47वें मिनट में सातवां गोल कर दिया। मनदीप सिंह ने 57वें मिनट में भारत का आठवां गोल किया जिसके साथ ही भारत ने आसान जीत हासिल कर ली। दिन के अन्य मैचों में कोरिया ने इंडोनेशिया को 15-0 से और श्रीलंका ने हांगकांग को 4-1 से हराया।