Sports

अहमदाबाद : रूपाली सुनील गंगावणे के नेतृत्व में महाराष्ट्र राष्ट्रीय खेलों की मल्लखंभ स्पर्धा में 5 में से 3 स्वर्ण पदक जीतकर ओवरऑल तालिका में सेना के बाद दूसरे स्थान पर पहुंच गया। महाराष्ट्र के नाम अब 34 स्वर्ण है और उसने हरियाणा (32 स्वर्ण) को तीसरे स्थान पर धकेल दिया है। महाराष्ट्र ने 26 रजत और 56 कांस्य पदक भी जीते हैं और उनके पास सबसे अधिक 126 पदक हैं। सेना 53 स्वर्ण, 33 रजत और 29 कांस्य के साथ पहले स्थान पर कायम है।

हरियाणा ने भी 100 पदक पूरे कर लिए हैं। गुजरात के 10 साल के शौर्यजीत खैरे ने पोल मल्लखंभ में कांस्य पदक जीतकर इतिहास रच दिया। वह राष्ट्रीय खेलों में पदक जीतने वाले सबसे युवा खिलाड़ी बन गए हैं। गुजरात की पूजा पटेल ने कोमल मकवाना के साथ टीम बनाते हुए योगासन में अपना दूसरा स्वर्ण पदक जीता। मेजबान राज्य ने सॉफ्ट टैनिस में पुरुष और महिला दोनों वर्ग का कांस्य पदक अपने नाम किया। गुजरात अब तक 43 पदक जीत चुका है जिसमें 13 स्वर्ण, 12 रजत और 18 कांस्य पदक शामिल हैं।