स्पोर्ट्स डेस्क: हॉकी इंडिया ने रविवार को सीनियर महिला राष्ट्रीय कोचिंग कैंप की घोषणा कर दी। यह शिविर 11 मई से 20 मई तक आयोजित किया जाएगा। आगामी अंतरराष्ट्रीय टूर्नामेंटों को देखते हुए इस कैंप को बेहद अहम माना जा रहा है। भारतीय महिला टीम इस कैंप के बाद एफआईएच नेशंस कप से पहले ऑस्ट्रेलिया दौरे पर जाएगी। एफआईएच नेशंस कप का आयोजन 15 से 21 जून तक ऑकलैंड, न्यूजीलैंड में होना है।
वर्ल्ड कप और एशियन गेम्स पर नजर
यह कैंप सिर्फ नेशंस कप ही नहीं बल्कि साल के अंत में होने वाले बड़े टूर्नामेंटों की तैयारी के लिहाज से भी महत्वपूर्ण माना जा रहा है। भारतीय टीम को अगस्त में बेल्जियम और नीदरलैंड्स में होने वाले एफआईएच हॉकी महिला विश्व कप 2026 में हिस्सा लेना है। इसके अलावा सितंबर-अक्टूबर में जापान में आयोजित होने वाले 2026 एशियन गेम्स भी टीम के लिए बड़ी चुनौती होंगे।
प्रो लीग और ओलंपिक क्वालिफिकेशन का मौका
एफआईएच नेशंस कप जीतने वाली टीम को 2026-27 एफआईएच हॉकी प्रो लीग के लिए सीधा क्वालिफिकेशन मिलेगा। वहीं, प्रो लीग जीतने वाली टीम लॉस एंजिल्स ओलंपिक 2028 के लिए सीधे क्वालिफाई करेगी। ऐसे में भारतीय टीम के लिए आने वाले महीने बेहद अहम रहने वाले हैं।
वही 31 खिलाड़ी कैंप का हिस्सा
आगामी कैंप में उन्हीं 31 खिलाड़ियों को शामिल किया गया है, जो अप्रैल में मुख्य कोच शॉर्ड मारिन की देखरेख में आयोजित पिछले राष्ट्रीय शिविर का हिस्सा थीं। टीम मैनेजमेंट इस कैंप में खिलाड़ियों की फिटनेस, टीम कॉम्बिनेशन और टैक्टिकल सुधार पर विशेष ध्यान देगा।
गोलकीपिंग और डिफेंस में अनुभव का दम
गोलकीपिंग विभाग में अनुभवी सविता, माधुरी किंडो, बंसरी सोलंकी और बिचू देवी खारीबाम शामिल हैं। वहीं डिफेंस में निक्की प्रधान, उदिता, इशिका चौधरी, ज्योति सिंह, लालथंतलुआंगी और शिल्पी डबास जैसी खिलाड़ी टीम को मजबूती देंगी।
मिडफील्ड और अटैक में युवा-जुनून का मिश्रण
कप्तान सलीमा टेटे मिडफील्ड की जिम्मेदारी संभालेंगी। उनके साथ सुशीला चानू, मनीषा चौहान, वैष्णवी फाल्के, नेहा, साक्षी राणा, सुनीता टोप्पो और इशिका भी नजर आएंगी। फॉरवर्ड लाइन में नवनीत कौर, दीपिका, लालरेमसियामी, मुमताज खान, दीपिका सोरेंग, बलजीत कौर, ब्यूटी डुंगडुंग, हिना बानो और संगीता कुमारी जैसी खिलाड़ी शामिल हैं।
मुख्य कोच शॉर्ड मारिन ने क्या कहा?
मुख्य कोच शॉर्ड मारिन ने कैंप को लेकर कहा, 'यह ऑस्ट्रेलिया दौरे से पहले छोटा लेकिन बेहद महत्वपूर्ण कैंप होगा। हमारा मुख्य फोकस फिटनेस और खेल के उन क्षेत्रों पर रहेगा, जहां सुधार की जरूरत है। हम लगातार बेहतर प्रदर्शन करना चाहते हैं और टीम के तौर पर अगले स्तर तक पहुंचना चाहते हैं।'