स्पोर्ट्स डेस्क : ICC Men's T20 World Cup 2026 के तहत रविवार को कोलंबो में भारत और पाकिस्तान के बीच हाई-वोल्टेज ग्रुप स्टेज मुकाबला खेला जाएगा। इस बड़े मैच से पहले पूर्व भारतीय दिग्गज स्पिनर Harbhajan Singh ने टीम इंडिया को खास सलाह दी है। हरभजन ने पाकिस्तान के युवा स्पिनर Usman Tariq को भारत के लिए बड़ा खतरा बताया है और बल्लेबाजों को उनके खिलाफ सावधानी से खेलने की नसीहत दी है।
हरभजन सिंह की चेतावनी: ‘तारीक को हल्के में न लें’
रांची में मीडिया से बात करते हुए हरभजन सिंह ने कहा कि उस्मान तारीक तेजी से उभरते हुए गेंदबाज हैं और भारतीय बल्लेबाजों को उनके खिलाफ संयम से खेलना होगा।
उन्होंने कहा, 'भारत यह मैच जीतेगा। पाकिस्तान के पास उस्मान तारीक जैसा अच्छा स्पिनर है। हमें उन्हें सुरक्षित तरीके से खेलना होगा। भारतीय टीम बेहद सक्षम है। उम्मीद है कि टीम बिना दबाव के खेलेगी और जीत का परचम लहराएगी।' हरभजन ने भरोसा जताया कि मौजूदा फॉर्म को देखते हुए भारत मजबूत स्थिति में है, लेकिन बड़े मुकाबलों में छोटी गलतियां भी भारी पड़ सकती हैं।
उस्मान तारीक पर क्यों है सबकी नजर?
उस्मान तारीक ने अब तक सिर्फ चार टी20 अंतरराष्ट्रीय मैचों में 11 विकेट झटके हैं और उनका औसत 7.90 का है। एक मैच में चार विकेट लेने का कारनामा भी वह कर चुके हैं।
हालांकि, उनकी साइड-आर्म गेंदबाजी एक्शन पर सवाल भी उठे हैं। गेंद छोड़ने से पहले उनके एक्शन में हल्का ठहराव देखा गया है, जिस पर कुछ आलोचकों ने नियमों को लेकर बहस छेड़ी है। विवाद के बावजूद पाकिस्तान के गेंदबाजी आक्रमण में तारीक एक अहम हथियार माने जा रहे हैं।
नयन मोंगिया ने भी जताया भारत पर भरोसा
पूर्व भारतीय विकेटकीपर-बल्लेबाज Nayan Mongia ने भी भारत की जीत की उम्मीद जताई है। वडोदरा से बातचीत में मोंगिया ने कहा कि भारतीय टीम का आत्मविश्वास और हालिया प्रदर्शन उसे बढ़त दिलाता है।
उन्होंने कहा कि मौजूदा भारतीय खिलाड़ी निडर क्रिकेट खेलते हैं और आईसीसी टूर्नामेंट्स में पाकिस्तान हाल के समय में दबाव में नजर आया है।
हार्दिक पंड्या से बड़ी उम्मीदें
मोंगिया ने ऑलराउंडर Hardik Pandya को इस मुकाबले का एक्स-फैक्टर बताया। पाकिस्तान के खिलाफ पंड्या का रिकॉर्ड शानदार रहा है।
उन्होंने 12 पारियों में 315 रन बनाए हैं, औसत 35.00 और स्ट्राइक रेट 126 से ज्यादा का रहा है। साथ ही 25 विकेट भी अपने नाम किए हैं, जिसमें सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन 3/8 का है।
एक और रोमांचक अध्याय की तैयारी
भारत और पाकिस्तान के बीच मुकाबला हमेशा रोमांच और दबाव से भरा होता है। एशिया कप में हालिया जीत के बाद भारतीय टीम आत्मविश्वास से भरी है।
हरभजन सिंह का मानना है कि अगर टीम इंडिया उस्मान तारीक को समझदारी से खेल लेती है, तो जीत की राह आसान हो सकती है।