नई दिल्ली : हरभजन भारत के नए टेस्ट और वनडे कप्तान शुभमन गिल के भविष्य को लेकर भी बहुत उम्मीदें रखते हैं और उन्हें देश की कप्तानी के लिए आदर्श व्यक्ति मानते हैं। हालांकि अब तक के आंकड़े कुछ और ही कहते हैं। गिल की कप्तानी में भारत ऑस्ट्रेलिया, न्यूजीलैंड और इंग्लैंड से वनडे सीरीज हार चुका है, लेकिन हरभजन का मानना है कि उन्हें आगे चलकर सफलता जरूर मिलेगी।
हरभजन ने PTI को दिए एक इंटरव्यू में कहा, 'सफलता रातों-रात नहीं मिलती। हमने देखा है कि पिछले साल इंग्लैंड में उन्होंने कप्तानी में अपनी काबिलियत कैसे साबित की (भारत ने सीरीज 2-2 से ड्रॉ कराई थी)। यह एक लीडर और बल्लेबाज के तौर पर उनकी काबिलियत का सबूत था।' उन्होंने कहा, 'गिल ने सबसे ज्यादा रन बनाए। मैं उन्हें बहुत अच्छा मानता हूं। टीम कमिटेड दिखी। उतार-चढ़ाव तो आएंगे ही, लेकिन वह एक बेहतरीन क्रिकेटर हैं और उनका क्रिकेट का दिमाग बहुत अच्छा है। इसके अलावा, वह एक शानदार इंसान हैं और यह बात बहुत मायने रखती है।'
गिल की कप्तानी में भारतीय टीम श्रीलंका के खिलाफ 15 अगस्त से टेस्ट सीरीज खेलने उतरेगी। यह सीरीज भारत के लिए बहुत महत्वपूर्ण है क्योंकि यह दो टेस्ट मैचों की सीरीज मौजूदा विश्व टेस्ट चैम्पियनशिप (WTC) का हिस्सा है। भारत को फाइनल की उम्मीदें बनाए रखने के लिए सीरीज में 2-0 से जीतना होगा क्योंकि ड्रॉ से काम नहीं चलेगा। फिलहाल टीम इंडिया 9 टेस्ट में 4 में जीत, 4 हार और 1 ड्रॉ के साथ 48.15 अंक सहित 5वें पायदान पर है।