स्पोर्ट्स डेस्क : IPL 2026 में चेन्नई सुपर किंग्स ने आखिरकार तीन लगातार हार के बाद जीत का खाता खोला। CSK ने दिल्ली कैपिटल्स को 23 रन से हराया, लेकिन इस जीत के बावजूद कप्तान रुतुराज गायकवाड़ पर स्लो ओवर रेट के चलते 12 लाख रुपये का जुर्माना लगाया गया।
गायकवाड़ पर क्यों लगा जुर्माना?
CSK के कप्तान रुतुराज गायकवाड़ को धीमी ओवर गति (Slow Over Rate) बनाए रखने के कारण दंडित किया गया।आईपीएल के नियमों के अनुसार, यह टीम का सीजन में पहला अपराध था, इसलिए उन पर 12 लाख रुपये का जुर्माना लगाया गया। यह कार्रवाई IPL की आचार संहिता के आर्टिकल 2.22 के तहत की गई है।
इन कप्तानों पर भी हुई कार्रवाई
इस सीजन में स्लो ओवर रेट के कारण सजा पाने वाले गायकवाड़ तीसरे कप्तान बने हैं। इससे पहले श्रेयस अय्यर (पंजाब किंग्स) और शुभमन गिल (गुजरात टाइटंस) पर भी इसी तरह की कार्रवाई हो चुकी है। अय्यर ने लगातार दो मैचों में यह गलती दोहराई थी, जबकि गिल को दिल्ली के खिलाफ मैच में दोषी पाया गया था।
सैमसन का तूफानी शतक
मैच में संजू सैमसन ने शानदार बल्लेबाजी करते हुए नाबाद 115 रन ठोके। उन्होंने सिर्फ 56 गेंदों में 15 चौके और 4 छक्के लगाए और 205 से ज्यादा के स्ट्राइक रेट से रन बनाए। उनकी इस पारी की बदौलत CSK ने 212/2 का बड़ा स्कोर खड़ा किया।
ओवर्टन की घातक गेंदबाजी
गेंदबाजी में जेमी ओवर्टन ने शानदार प्रदर्शन करते हुए 4 विकेट लिए। उन्होंने 4 ओवर में सिर्फ 18 रन देकर दिल्ली की बल्लेबाजी को झकझोर दिया और मैच का रुख पूरी तरह CSK की ओर मोड़ दिया।
DC की अच्छी शुरुआत, फिर बिखरी पारी
212 रन के लक्ष्य का पीछा करते हुए दिल्ली कैपिटल्स ने तेज शुरुआत की। ओपनर्स ने टीम को मजबूत शुरुआत दिलाई, लेकिन बीच के ओवरों में लगातार विकेट गिरने से टीम दबाव में आ गई। अंततः DC की टीम 189 रन पर ऑलआउट हो गई और मैच 23 रन से हार गई।