स्पोर्ट्स डेस्कः न्यूजीलैंड के स्टार बल्लेबाज फिन एलन ने बुधवार को दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ मुकाबले में टी20 विश्व कप इतिहास का सबसे तेज शतक लगाकर नया रिकॉर्ड बना दिया। उन्होंने कोलकाता के मशहूर मैदान Eden Gardens में सिर्फ 33 गेंदों में शतक जड़ दिया।
इस धमाकेदार पारी के साथ फिन एलन न्यूजीलैंड के लिए टी20 विश्व कप में सबसे तेज शतक लगाने वाले बल्लेबाज भी बन गए हैं। उनकी इस पारी की बदौलत न्यूजीलैंड ने पहले सेमीफाइनल में दक्षिण अफ्रीका को नौ विकेट से हराकर फाइनल में जगह बना ली।
क्रिस गेल का 10 साल पुराना रिकॉर्ड टूटा
फिन एलन ने 33 गेंदों में शतक लगाकर वेस्टइंडीज के दिग्गज बल्लेबाज Chris Gayle का 10 साल पुराना रिकॉर्ड तोड़ दिया। क्रिस गेल ने टी20 विश्व कप 2016 में इंग्लैंड के खिलाफ 47 गेंदों में शतक लगाया था, जो अब तक इस टूर्नामेंट का सबसे तेज शतक था। गेल इस सूची में तीसरे नंबर पर भी मौजूद हैं। उन्होंने 2007 के टी20 विश्व कप में दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ 50 गेंदों में शतक जमाया था।
अन्य बड़े रिकॉर्ड भी पीछे
इस सूची में न्यूजीलैंड के पूर्व कप्तान Brendon McCullum का नाम भी शामिल है। उन्होंने 2012 टी20 विश्व कप में बांग्लादेश के खिलाफ 51 गेंदों में शतक लगाया था। वहीं इंग्लैंड के युवा बल्लेबाज Harry Brook ने मौजूदा टूर्नामेंट में पाकिस्तान के खिलाफ 51 गेंदों में शतक ठोका था। लेकिन अब इन सभी रिकॉर्ड्स को पीछे छोड़ते हुए फिन एलन ने 33 गेंदों में शतक लगाकर नया इतिहास रच दिया है।
न्यूजीलैंड की बड़ी जीत
फिन एलन की तूफानी पारी की बदौलत न्यूजीलैंड ने कोलकाता में खेले गए पहले सेमीफाइनल मुकाबले में दक्षिण अफ्रीका को नौ विकेट से हरा दिया। इस शानदार जीत के साथ न्यूजीलैंड ने टी20 विश्व कप के फाइनल में अपनी जगह पक्की कर ली है। फिन एलन की यह पारी लंबे समय तक याद रखी जाएगी, क्योंकि उन्होंने न सिर्फ अपनी टीम को जीत दिलाई, बल्कि टी20 विश्व कप के इतिहास में नया कीर्तिमान भी स्थापित कर दिया।