स्पोर्ट्स डेस्क : भारत ने दूसरे वनडे में अच्छी शुरूआत के बाद 233 पर सभी विकेट गंवा दिए। विराट कोहली (65) और श्रेयस अय्यर (66) ने अर्धशतकीय इनिंग्स खेली लेकिन अन्य बल्लेबाजों से साथ नहीं मिला और कम लक्ष्य को इंग्लैंड ने जो रूट की 99 रन की शानदार पारी की बदौलत अपने नाम कर लिया। इस जीत से अब इंग्लैंड ने सीरीज में 1-1 से बराबरी कर ली है और निर्णायक मैच लॉर्ड्स में रविवार 19 जुलाई को खेला जाएगा। दूसरे वनडे में हार की वजह गिल ने आखिरी क्रम के बल्लेबाजों को बताया जो साझेदारी करने में नाकाम रहे।
अच्छी शुरुआत के बाद भारत के 233 रन पर ऑलआउट होने पर शुभमन गिल ने कहा, 'सच कहूं तो, यह काफी निराशाजनक था। हमें लगा था कि 25 ओवर के बाद 300-310 का स्कोर अच्छा रहेगा। हम अच्छी स्थिति में थे। लेकिन, हमने बीच के ओवरों में बहुत सारे विकेट गंवा दिए।' भारत की लड़खड़ाती बल्लेबाजी पर गिल ने कहा, 'देखिए, हमारे टेल-एंडर्स (आखिरी क्रम के बल्लेबाज) बहुत अच्छे बल्लेबाज नहीं हैं। लेकिन मुझे लगता है कि हमें अपने लोअर-मिडल ऑर्डर से थोड़ी और उम्मीद थी और जो शुरुआत हमें मिली थी, हम उसका पूरा फायदा नहीं उठा पाए। लेकिन उम्मीद है कि अगली बार जब हम ऐसी स्थिति में होंगे, तो हम छोटी-छोटी साझेदारियां बनाने और खेल को आगे ले जाने की कोशिश करेंगे।'
अपने आउट होने पर भारतीय कप्तान ने कहा, 'जब आप सीधे कवर की तरफ शॉट खेलकर आउट होते हैं, तो कभी भी अच्छा नहीं लगता।' वॉशिंगटन सुंदर की चोट के असर पर उन्होंने कहा, 'आप जानते हैं, वह हमारी टीम का अहम हिस्सा हैं। मुझे लगता है कि बैटिंग करते समय, मिड-ऑफ की तरफ रन लेने के दौरान उन्हें चोट लगी थी और शायद इसका भी दबाव बढ़ने में कुछ असर पड़ा होगा। हमें पूरी पारी में अपने मुख्य गेंदबाजों से ही गेंदबाजी करवानी पड़ी। लेकिन मुझे नहीं लगता कि इससे बहुत बड़ा फर्क पड़ा होगा क्योंकि तेज गेंदबाजों को पिच से मदद मिल रही थी। लेकिन जब आप ऐसे अहम खिलाड़ी को खो देते हैं, तो आपको अपनी रणनीतियां बदलनी पड़ती हैं, यह तय करना पड़ता है कि कौन गेंदबाजी करेगा। तो उस लिहाज से, हां, हमारा मोमेंटम थोड़ा कम हुआ।'
जो रूट की मैच जिताऊ पारी पर पर गिल ने कहा, 'हां, ऐसा नहीं है। मतलब, 240 रन... हमें हमेशा पता था कि अगर हमारे पास 300 रन होते और रन रेट 5.5-6 के आस-पास होता, तो शायद हम उनसे कोई गलत शॉट लगवा सकते थे। लेकिन 4.5-5 रन प्रति ओवर के हिसाब से, वह ऐसे स्कोर का पीछा करने में माहिर हैं। हम उनसे कोई गलत शॉट नहीं करवा पाए।'