Sports

जकार्ता: भारत की दूती चंद ने 100 मीटर में रजत पदक जीतने के बाद 200 मीटर में भी कमाल का फर्राटा भरते हुए 18वें एशियाई खेलों में बुधवार को एक बार फिर रजत पदक जीत लिया।  

दूती 100 मीटर में बहरीन की एडिडियोंग ओडियोंग से फोटो फिनिश में पिछड़कर रजत पदक पर ठहर गई थीं और 200 मीटर में भी उन्हें ओडियोंग ने ही पीछे छोड़ा। ओडियोंग ने 22.96 सेकंड का समय लिया जबकि दूती ने 23.20 सेकंड का समय लिया। चीन की योंगली वेई ने 23.27 सेकंड में कांस्य पदक जीता। 
PunjabKesari

दूती ने सेमीफाइनल में ओडियोंग को दूसरे स्थान पर छोड़ा था, लेकिन फाइनल में ओडियोंग आगे निकल गईं। दूती का सेमीफाइनल का समय 23.00 सेकंड रहा था जबकि ओडियोंग ने 23.01 सेकंड का समय निकाला था। फाइनल में भारतीय एथलीट अपने सेमीफाइनल के समय से पीछे रह गईं, लेकिन ओडियोंग ने अपने प्रदर्शन में काफी सुधार किया।  
PunjabKesari

ओड़िशा की इस एथलीट ने 150 मीटर तक अपनी चुनौती बनाए रखी लेकिन अंतिम-25 मीटर में ओडियोंग उनसे आगे ही नजर आईं। दुती ने पदक को अपने हाथ से फिसलने नहीं दिया और अंतिम जोर लगाते हुए भारत को एथलेटिक्स में एक और रजत दिला दिया। भारत का इन खेलों में यह 52वां पदक है। एथलेटिक्स में भारत अब तक तीन स्वर्ण और नौ रजत सहित 12 पदक जीत चुका है। दूती पिछले वर्ष भुवनेश्वर में हुई एशियाई चैंपियनशिप में 100 मीटर में तीसरे और 200 मीटर में चौथे स्थान पर रही थीं। लेकिन इस बार दोनों ही स्पर्धाओं में उन्होंने रजत जीता। एशियाई खेलों में दूती के यह पहले पदक हैं।
PunjabKesari