Sports

नई दिल्ली : हैदराबाद के खिलाफ बीते दिनों मैच के दौरान चेन्नई सुपर किंग्स के कप्तान महेंद्र सिंह धोनी मैदान पर जूझते हुए नजर आए थे। लक्ष्य का पीछा करने उतरी चेन्नई टीम को आखिरी ओवरों में तेजी से रन बनाने की जरूरत थी। क्रीज पर महेंद्र सिंह धोनी भी थे लेकिन इसके बावजूद चेन्नई लक्ष्य हासिल नहीं कर पाई। धोनी आखिरी ओवरों में थकान और मांसपेशियों में खिंचाव से परेशान दिखे। धोनी की इसी परेशानी के बाद सोशल मीडिया पर क्रिकेटर इरफान पठान का एक ट्विट वायरल हो गया। 

पठान ने लिखा- कुछ लोगों के लिए उम्र महज एक आंकड़ा होती है तो कईयों के लिए दूसरों को बाहर करने का कारण। लोगों ने इसे धोनी पर कटाक्ष के रूप में देखा।

अब इस मामले में हरभजन सिंह का एक ट्विट चर्चा में आ गया है। हरभजन ने इरफान के इसी ट्विट को रीट्विट करते हुए लिखा है- 10000000 प्रतिशत सहमत हंू इरफान पठान।

हरभजन का यह रीट्विट इसलिए भी चर्चा में है क्योंकि बीते दिनों ही उन्होंने चेन्नई सुपर किंग्स का साथ छोड़ा था। दरअसल, हरभजन इस बार यूएई में चल रहे आईपीएल 13 में नहीं खेल रहे हैं। सीजन शुरू होने से पहले ही उन्होंने अपना नाम वापस ले लिया था। यह मुद्दा तब सामने आया जब सुरेश रैना ने आईपीएल खेलने से इंकार कर दिया था। रैना के परिवार पर भारत में हमला हुआ था इसलिए वह परिवार की चिंता में भारत लौट आए। कहा गया उनका किसी मामले में टीम प्रबंधन या कप्तान से विवाद हुआ है। हालांकि इसपर कोई स्पष्ट जानकारी नहीं आई है। लेकिन अब इरफान और उसके बाद हरभजन के इस ट्विट ने मुद्दा और भड़का दिया है।