Sports

नई दिल्लीः इंग्लैंड को तीन मैचों की टी20 सीरीज में 2-1 से हराने के बाद अब भारतीय टीम की निगाहें वनडे सीरीज जीतने पर टिकी हैं। इस सीरीज को अगर भारत जीत लेता है तो आईसीसी रैंकिंग में नंबर एक की पोजीशन हासिल कर लेगा। इसी बीच भारत के विकेटकीपर, बल्लेबाज महेंद्र सिंह धोनी भी इस सीरीज में कुछ खास उपलब्धियां अपने नाम कर सकते हैं। 

1. बन सकते हैं 10 हजारी
धोनी वनडे क्रिकेट में अपने 10,000 रन पूरे कर सकते हैं। इस आंकड़े को छूने के लिए उन्हें 33 रनों की दरकार है। अगर वह 33 रन बना लेते हैं तो वह 10,000 रन पूरे करने वाले विश्व के 12वें बल्लेबाज बन जाएंगे। धोनी ने अब तक 318 वनडे मैचों में 9967 रन बनाए हैं। भारत की और से अब तक राहुल द्रविड़, सचिन तेंदुलकर और सौरव गांगुली ही इस आंकड़े को छूने में सफल रहे हैं। मौजूदा भारतीय कप्तान विराट कोहली की बात करें तो उन्हें 10 हजारी बनने के लिए 412 रनों की दरकार है।

2. इंग्लैंड के खिलाफ सर्वाधिक रन बनाने की दहलीज पर
धोनी इंग्लैंड के खिलाफ सर्वाधिक रन बनाने वाले बल्लेबाज भी बन सकते हैं। इसके लिए उन्हें 99 रनों की जरूरत है। इन दोनों के देशों के बीच वनडे में सर्वाधिक रन बनाने का रिकॉर्ड अभी युवराज सिंह (1523 रन) के नाम है। धोनी 1425 रन बनाकर तीसरे स्थान पर हैं। तेंदुलकर ने 1455 रन बनाए हैं, जबकि विराट (921 रन) इंग्लैंड के खिलाफ 1000 रन पूरे करने की दहलीज पर हैं।

3. विकेटकीपिंग में भी हासिल कर सकते हैं नई उपलब्धि 
धोनी विकेटकीपिंग में भी एक नई उपलब्धि हासिल कर सकते हैं। उन्होंने विकेट के पीछे 300 कैच पूरे करने के लिए 3 कैचों की जरूरत है। धोनी ने अब तक 297 कैच पकड़े हैं। वनडे क्रिकेट में अब तक केवल एडम गिलक्रिस्ट (417), मार्क बाउचर (402) और कुमार संगकारा (383) ही 300 से अधिक कैच ले पाए हैं। धोनी ने वनडे में सर्वाधिक 107 स्टंप भी किए हैं और इस तरह से उनके नाम पर 404 शिकार दर्ज हैं।