स्पोर्ट्स डेस्क : IPL 2026 में सनराइजर्स हैदराबाद के खिलाफ मुकाबले में दिल्ली कैपिटल्स की रणनीति पर सवाल उठे, खासकर तब जब पार्ट-टाइम गेंदबाज नीतीश राणा को पूरे 4 ओवर दिए गए। टीम के डायरेक्टर ऑफ क्रिकेट वेंगोपल राव ने इस फैसले पर अपनी चुप्पी तोड़ी और इसे मैच के दौरान लिया गया तात्कालिक निर्णय बताया।
‘मैदान पर ही लिए जाते हैं फैसले’
पोस्ट मैच प्रेस कॉन्फ्रेंस में राव ने कहा कि टी20 क्रिकेट में कई फैसले तुरंत लेने होते हैं और हर बार वे सफल नहीं होते। उन्होंने कहा, 'जो भी होता है, मैदान पर ही होता है। ये इंस्टेंट फैसले होते हैं, कभी काम करते हैं तो कभी नहीं।'
राणा का ओवर डालना पड़ा भारी
मैच में राणा ने 4 ओवर में 55 रन लुटाए, जो टीम के लिए काफी महंगा साबित हुआ। वहीं कप्तान अक्षर पटेल और कुलदीप यादव ने सिर्फ 2-2 ओवर ही डाले। इसका फायदा उठाते हुए सनराइजर्स हैदराबाद ने 242/2 का बड़ा स्कोर खड़ा किया और मुकाबला 47 रन से जीत लिया।
रनआउट का मौका चूकना पड़ा महंगा
राव ने हार का एक बड़ा कारण अभिषेक शर्मा का छूटा हुआ रनआउट भी बताया। उन्होंने कहा कि जब अभिषेक 50 रन पर थे, तब उन्हें आउट करने का मौका मिला था, लेकिन टीम उसे भुना नहीं सकी। 'उस स्तर के खिलाड़ी को मौका देते हैं तो वह आपको सजा देता है। हमने मौका गंवाया और इसकी कीमत चुकाई,' राव ने कहा।
पावरप्ले और बल्लेबाजी क्रम पर भी सवाल
राव ने यह भी माना कि टीम पावरप्ले का सही इस्तेमाल नहीं कर पाई। 243 रन के लक्ष्य का पीछा करते हुए 6 ओवर में 59/1 का स्कोर पर्याप्त नहीं था। उन्होंने केएल राहुल का बचाव करते हुए कहा कि उन्हें स्ट्राइक कम मिली। साथ ही ट्रिस्टन स्टब्स के बल्लेबाजी क्रम पर चर्चा अगले मैच से पहले की जाएगी।