Sports

स्पोर्ट्स डेस्क: इंग्लैंड की महिला क्रिकेटर डेनियल वायट ने उस वक्त सभी को चौंका दिया, जब उन्होंने अपनी लॉन्ग टाइम गर्लफ्रेंड जॉर्ज हॉज से सगाई की। गुरुवार को उन्होंने अपने ट्विटर हैंडल पर एक रोमांटिक फोटो साझा करते हुए यह खबर दी कि उन्होंने गर्लफ्रेंड जॉर्जी हॉज के साथ सगाई कर ली है। जॉर्जी हॉज पेशे से एक फुटबॉल कोच हैं और वह लंदन में रहती हैं। डेनियल और जॉर्जी पिछले चार साल से रिलेशनशिप में थे और वह अक्सर एक दूसरे के साथ सोशल मीडिया पर तस्वीरें साझा करते थे।

डेनियल वायट ने ट्विटर के जरिए अपनी सगाई की खबर दी है। उन्होंने जॉर्जी हॉज के साथ किस करते हुए तस्वीर साझा कर लिखा है," माइन फॉरएवर।"

इंग्लैंड की इस क्रिकेटर ने इससे पहले भारतीय बल्लेबाज विराट कोहली को सोशल मीडिया के जरिए प्रपोज किया था। 2014 टी20 विश्व कप के दौरान डेनियल ने ट्वीट करते हुए लिखा था, " कोहली मैरी मी।"

 


डेनियल वायट की जून 2022 में अर्जुन तेंदुलकर के साथ भी एक फोटो वायरल हुई थी, जिसके बाद मीडिया द्वारा दोनों के डेटिंग के कयास लगाए गए थे। हालांकि, बता दें अर्जुन तेंदुलकर और डेनियल अच्छे दोस्त हैं। डेनियल इसके अलावा सचिन तेंदुलकर की भी दोस्त हैं, उन्होंने बताया था कि वह 2010 में लॉर्ड्स में सचिन से नेट सेशन के दौरान मिली थी और तभी से वह उन्हें जानती हैं। 

 

गौरतलब है कि डेनियल वायट ने  मार्च 2010 में इंग्लैंड के लिए डेब्यू किया था। डेनियल अब तक 102 वनडे और 143 टी20 मैच खेल चुकी हैं। वनडे में उनके नाम 1776 और टी20 में 2369 रन हैं। इसके साथ वह वनडे में 27 और टी20 में 46 विकेट चटका चुकी हैं।

WPL नीलामी में डेनियल वायट रहीं थी अनसोल्ड

महिला प्रीमियर लीग 2023 की नीलामी में वायट पर किसी टीम ने बोली नहीं लगाई थी। उनका नीलामी में बेस प्राइज 50 लाख रुपए था। WPL के लिए चुने ना जाने के बाद उनके एक भावुक ट्विट किया था। उन्होंने ट्वीट में लिखा था, “डब्ल्यूपीएल में खेलना एक सपना था। मेरा दिल टूटा है। चुने गए सभी लोगों को बधाई। भारत क्रिकेट खेलने के लिए बेहतरीन जगह है।"