स्पोर्ट्स डेस्क: Royal Challengers Bengaluru के स्टार ओपनर Phil Salt पिछले करीब एक महीने से टीम से बाहर चल रहे हैं। अब RCB कप्तान Rajat Patidar ने उनकी वापसी को लेकर बड़ा अपडेट दिया है। Kolkata Knight Riders के खिलाफ 6 विकेट की जीत के बाद पाटीदार ने उम्मीद जताई कि सॉल्ट जल्द टीम से जुड़ सकते हैं। हालांकि उन्होंने यह साफ नहीं किया कि वह पंजाब किंग्स के खिलाफ अगले मैच में खेल पाएंगे या नहीं।
रजत पाटीदार ने क्या कहा?
मैच के बाद प्रेजेंटेशन में जब पाटीदार से फिल सॉल्ट की उपलब्धता को लेकर सवाल पूछा गया तो उन्होंने कहा, 'मुझे पूरी जानकारी नहीं है, लेकिन मुझे लगता है कि वह जल्द वापस आ जाएंगे।' सॉल्ट ने आखिरी बार 18 अप्रैल को दिल्ली कैपिटल्स के खिलाफ मुकाबला खेला था। इसके बाद उंगली में चोट लगने के कारण वह स्कैन के लिए इंग्लैंड लौट गए थे।
सॉल्ट की कमी महसूस कर रही है RCB
T20 वर्ल्ड कप 2026 में संघर्ष करने के बाद फिल सॉल्ट ने IPL में शानदार वापसी की थी। उन्होंने इस सीजन 202 रन बनाए हैं।उनका औसत 33.66 और स्ट्राइक रेट 168.33 का रहा है। मुंबई इंडियंस और दिल्ली कैपिटल्स के खिलाफ उन्होंने अर्धशतक भी जड़े थे। RCB को प्लेऑफ में पहुंचने के लिए अब सिर्फ एक जीत की जरूरत है और ऐसे समय में सॉल्ट की वापसी टीम के लिए बड़ी राहत साबित हो सकती है।
जैकब बेथेल उम्मीदों पर खरे नहीं उतरे
सॉल्ट की गैरमौजूदगी में Jacob Bethell को मौका मिला, लेकिन वह अब तक प्रभाव नहीं छोड़ पाए हैं। 22 वर्षीय बल्लेबाज ने 6 मैचों में सिर्फ 85 रन बनाए हैं। उनका औसत 14.16 और स्ट्राइक रेट 121.42 का रहा है। उन्होंने दो बार सिंगल डिजिट स्कोर बनाया और अच्छी शुरुआत को बड़े स्कोर में नहीं बदल सके।
KKR के खिलाफ फिर फ्लॉप रहे बेथेल
KKR के खिलाफ बेथेल ने पारी संभालने की कोशिश की, लेकिन ज्यादा देर टिक नहीं सके। Kartik Tyagi की शॉर्ट गेंद पर वह 15 रन बनाकर आउट हो गए। इससे पहले मुंबई इंडियंस के खिलाफ उनका सर्वोच्च स्कोर 27 रन रहा था।
क्या RCB के पास और विकल्प हैं?
अगर फिल सॉल्ट पंजाब किंग्स के खिलाफ 17 मई को धर्मशाला में होने वाले मुकाबले तक फिट नहीं हो पाते, तो RCB के पास कुछ और विकल्प मौजूद हैं। इंग्लैंड के बल्लेबाज Jordan Cox IPL डेब्यू का इंतजार कर रहे हैं। उन्हें अब तक मौका नहीं मिला है, लेकिन टीम उन्हें आजमा सकती है।
इसके अलावा RCB के पास Venkatesh Iyer को ओपनिंग पर भेजने का विकल्प भी है। वह पहले KKR के लिए यह भूमिका निभा चुके हैं। टीम चाहे तो Devdutt Padikkal को विराट कोहली के साथ ओपनिंग पर भेज सकती है और नंबर-3 पर वेंकटेश अय्यर या रजत पाटीदार को उतार सकती है।