Sports

नई दिल्ली : भारतीय क्रिकेट टीम को श्रीलंका के खिलाफ दो मैचों की टेस्ट सीरीज शुरू होने से पहले बड़ा झटका लगा है। स्टार तेज गेंदबाज जसप्रीत बुमराह के बाएं घुटने में लगातार हो रही परेशानी के कारण उनके पूरी टेस्ट सीरीज से बाहर रहने की खबर सामने आई है। रिपोर्ट्स के मुताबिक, BCCI के सेंटर ऑफ एक्सीलेंस (CoE), बेंगलुरु में मेडिकल जांच के बाद उनकी वापसी को लेकर जोखिम नहीं लेने का फैसला किया गया है।

घुटने की परेशानी बनी बाहर होने की वजह

टाइम्स ऑफ इंडिया की रिपोर्ट के अनुसार, टी20 विश्व कप 2026 के दौरान बुमराह के बाएं घुटने की समस्या फिर उभर आई थी। इसके बाद उन्हें इंजेक्शन सहित विशेष इलाज दिया गया, लेकिन रिकवरी उम्मीद के मुताबिक नहीं रही। मेडिकल टीम और टीम मैनेजमेंट ने तय किया कि पूरी तरह फिट होने तक उन्हें रेड-बॉल क्रिकेट में नहीं उतारा जाएगा।

रिपोर्ट में यह भी कहा गया है कि शुरुआती योजना के तहत बुमराह के दूसरे टेस्ट में खेलने की संभावना पर चर्चा हुई थी, लेकिन आखिरकार उनकी वापसी को जल्दबाजी में कराने के बजाय पूरी तरह फिट होने का इंतजार करने का फैसला लिया गया।

BCCI नहीं लेना चाहता कोई जोखिम

सूत्रों के मुताबिक, बोर्ड पिछले अनुभवों से सबक लेते हुए बुमराह की फिटनेस के साथ कोई समझौता नहीं करना चाहता। आने वाले महीनों में भारत को एशियन गेम्स, न्यूजीलैंड दौरा और फिर बॉर्डर-गावस्कर ट्रॉफी जैसी अहम सीरीज खेलनी हैं। ऐसे में टीम मैनेजमेंट उन्हें पूरी तरह फिट होने के बाद ही मैदान पर उतारना चाहता है।

कौन करेगा बुमराह की जगह रिप्लेस?

हालांकि बुमराह को श्रीलंका दौरे के लिए घोषित टीम में शामिल किया गया था, लेकिन उनकी उपलब्धता मेडिकल क्लियरेंस पर निर्भर थी। अब यदि वह बाहर होते हैं तो चयन समिति जल्द ही उनके रिप्लेसमेंट का ऐलान कर सकती है।

रिपोर्ट्स के अनुसार जम्मू-कश्मीर के तेज गेंदबाज आकिब नबी सबसे मजबूत दावेदार माने जा रहे हैं। 29 वर्षीय आकिब ने घरेलू क्रिकेट में लगातार शानदार प्रदर्शन किया है। हाल ही में भारत ए के श्रीलंका दौरे पर उन्होंने दो मैचों में 6 विकेट लेकर चयनकर्ताओं का ध्यान खींचा था।

15 अगस्त से शुरू होगी टेस्ट सीरीज

भारत और श्रीलंका के बीच दो मैचों की टेस्ट सीरीज 15 अगस्त से गॉल में शुरू होगी। इससे पहले भारतीय टीम 7 से 9 अगस्त तक कोलंबो में श्रीलंका इलेवन के खिलाफ तीन दिवसीय अभ्यास मैच खेलेगी।