स्पोर्ट्स डैस्क : रिकॉर्ड बनते हैं टूटने के लिए, लेकिन कुछ ऐसे रिकाॅर्ड भी स्थापित हो जाते हैं जिनका टूटना मुश्किल हो जाता है। उदाहरण के लिए सचिन तेंदुलकर द्वारा लगाए गए 100 अंतरराष्ट्रीय शतक। सचिन को इस मामले में पछाड़ना माैजूदा समय कोई भी क्रिकेटर सोच नहीं सकता। वहीं फिलहाल भारतीय कप्तान रोहित शर्मा ने भी एक ऐसा रिकॉर्ड स्थापित कर दिया है जिसका टूटना अब बेहद मुश्किल हो गया है। क्या है वो रिकॉर्ड? आइए जानें-

भारत में लगाए सबसे ज्यादा इंटरनेशनल छक्के
जी हां...ये रिकॉर्ड बना है इंटरनेशनल क्रिकेट में भारत में सबसे ज्यादा छक्के लगाने का। रोहित ने ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ चार टेस्ट मैचों की सीरीज के पहले मैच में शतकीय पारी खेली। उन्होंने 2 छक्के भी जमाए, जिसके साथ भारत में उनके छक्कों की संख्या 250 हो चुकी है। अब रोहित के इस रिकॉर्ड का टूटना मुश्किल नजर आ रहा है क्योंकि मौजूदा समय सक्रिय बल्लेबाज भी उनके आसपास नहीं टिकते हैं।

रोहित के 250 छक्कों के बाद पूर्व कप्तान महेंद्र सिंह धोनी का नाम आता है। उनके नाम 186 इंटरनेशनल छक्के दर्ज हैं। फिर विराट कोहली आते हैं, जिनके नाम 137 छक्के हैं। वहीं युवराज सिंह के नाम 113 तो वीरेंद्र सहवाग के नाम 111 छक्के दर्ज हैं। इस लिहाज से आप देख सकते हैं कि रोहित ने कितनी ज्यादा लीड बनाकर रखी हुई है। रोहित अभी कुछ और साल क्रिकेट खेलेंगे। अगर उनका बल्ला ऐसे ही रन उलगता रहा तो फिर उनके छक्कों की संख्या 300 के पार भी जा सकती है, जिसे फिर किसी भारतीय बल्लेबाज द्वारा अपनी धरती पर हासिल करना आसान नहीं रहने वाला।

इंटरनेशनल क्रिकेट में क्रिस गेल आगे
गाैरतलब है कि इंटरनेशनल क्रिकेट में सबसे ज्यादा छक्के लगाने वाले बल्लेबाज विंडीज के क्रिस गेल हैं। गेल ने 483 इंटरनेशनल मैच खेलते हुए 553 छक्के जमाए हैं तो वहीं रोहित 434 मैचों में 519 छक्के अभी तक लगा चुके हैं। अगर रोहित कुछ साल खेलते हैं तो फिर वह गेल को पीछे छोड़ते हुए नंबर एक पर आ सकते हैं।