Sports

ऑस्ट्रेलिया: इंग्लैंड में होने वाले महिला टी20 वर्ल्ड कप 2026 के लिए ऑस्ट्रेलिया ने अपनी मजबूत टीम का ऐलान कर दिया है। छह बार की चैंपियन टीम इस बार भी खिताब की प्रबल दावेदार मानी जा रही है।

कप्तान Sophie Molineux चोट से उबर चुकी हैं और टीम की अगुवाई करेंगी। वहीं हाल ही में टी20 इंटरनेशनल डेब्यू करने वाली 20 वर्षीय तेज गेंदबाज Lucy Hamilton को पहली बार वर्ल्ड कप स्क्वॉड में जगह मिली है।

डार्सी ब्राउन को क्यों किया बाहर?

ऑस्ट्रेलियाई चयनकर्ता शॉन फ्लेगलर ने बताया कि Darcie Brown को लगातार खराब प्रदर्शन के कारण टीम से बाहर किया गया है। ब्राउन पिछले चार टी20 इंटरनेशनल मुकाबलों में एक भी विकेट नहीं ले पाई थीं।

फ्लेगलर ने कहा, 'वह जाहिर तौर पर निराश थीं। हम पिछले कुछ सालों से डार्सी को नई गेंद के साथ मुख्य गेंदबाज के रूप में तैयार करने की कोशिश कर रहे थे, लेकिन वह उस मौके का पूरा फायदा नहीं उठा पाईं। हालांकि हमें अब भी विश्वास है कि उनका भविष्य शानदार रहेगा।' उन्होंने आगे कहा, 'वह अभी युवा तेज गेंदबाज हैं और यह उनके करियर का अंत नहीं है। संभव है कि वर्ल्ड कप के दौरान भी उन्हें टीम में बुलाया जाए।'

इंग्लैंड में भी स्पिन पर भरोसा

दिलचस्प बात यह है कि इंग्लैंड की परिस्थितियों के बावजूद ऑस्ट्रेलिया ने अपनी टीम में चार स्पिन गेंदबाजी विकल्प रखे हैं। टीम में सोफी मोलिन्यू, Ashleigh Gardner, अलाना किंग और जॉर्जिया वेयरहम शामिल हैं। शॉन फ्लेगलर का मानना है कि अगर पिच स्पिनरों के अनुकूल रही तो चारों स्पिनर एक साथ प्लेइंग इलेवन में खेल सकती हैं।

उन्होंने कहा, 'सोफी हमारी कप्तान हैं और महिला क्रिकेट में लेफ्ट आर्म स्पिन काफी अहम मानी जाती है। जॉर्जिया लंबे समय से नंबर-1 लेग स्पिनर रही हैं, जबकि अलाना ने भी शानदार प्रदर्शन किया है।'

अनुभव और युवा खिलाड़ियों का शानदार मिश्रण

ऑस्ट्रेलियाई टीम में अनुभव और युवा खिलाड़ियों का बेहतरीन संतुलन देखने को मिला है। दिग्गज ऑलराउंडर Ellyse Perry अपना 10वां टी20 वर्ल्ड कप खेलने जा रही हैं। वहीं ग्रेस हैरिस ने WNCL फाइनल में शतक लगाने के बाद टीम में वापसी की है। ऑस्ट्रेलिया ने स्क्वॉड में सिर्फ एक विकेटकीपर Beth Mooney को चुना है, जबकि ताहलिया विल्सन रिजर्व खिलाड़ी के रूप में टीम के साथ यात्रा करेंगी।

ऑस्ट्रेलिया की महिला टी20 वर्ल्ड कप 2026 टीम

सोफी मोलिन्यू (कप्तान), एशले गार्डनर (उपकप्तान), ताहलिया मैक्ग्रा (उपकप्तान), निकोला कैरी, किम गर्थ, लूसी हैमिल्टन, ग्रेस हैरिस, अलाना किंग, फोएबे लिचफील्ड, बेथ मूनी (विकेटकीपर), एलिस पेरी, मेगन शट, एनाबेल सदरलैंड, जॉर्जिया वोल, जॉर्जिया वेयरहम, ट्रैवलिंग रिजर्व: ताहलिया विल्सन (विकेटकीपर)

दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ होगा अभियान का आगाज

ऑस्ट्रेलिया को ग्रुप-A में India, South Africa, Pakistan, Bangladesh और नीदरलैंड्स के साथ रखा गया है। छह बार की चैंपियन ऑस्ट्रेलियाई टीम 13 जून को मैनचेस्टर के ओल्ड ट्रैफर्ड मैदान पर दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ अपने अभियान की शुरुआत करेगी।