Sports

भुवनेश्वरः ओडि़शा के मुख्यमंत्री नवीन पटनायक ने जकार्ता में चल रहे 18वें एशियाई खेलों की 200 मीटर दौड़ में रजत पदक जीतने वाली स्टार फर्राटा धाविका दुती चंद को आज अतिरिक्त डेढ़ करोड़ रुपए देने की घोषणा की।          

कल दुती को पदक जीतने के तुरंत बाद बधाई देने वाले मुख्यमंत्री ने इससे पहले 100 मीटर फर्राटा दौड़ में रजत पदक पर भी इस धाविका को डेढ़ करोड़ रुपए देने की घोषणा की थी।          

इसके अलावा पटनायक ने घोषणा की कि अगले साल ओलंपिक तक इस 22 साल की खिलाड़ी की तैयारी का खर्चा राज्य सरकार उठाएगी। दो खेल संस्थाएं ओडिशा एथलेटिक्स संघ (ओएए) और ओडि़शा ओलंपिक संघ (ओओए) पहले ही दुती चंद को उनकी उपलब्धि के लिए 50-50 हजार रुपए देने की घोषणा कर चुकी हैं।          
PunjabKesari

ओएए सचिव आशीर्वाद बेहड़ा ने कहा कि जाजपुर जिले की दुती ने एक ही एशियाई खेलों में दो पदक जीतकर ओडि़शा के लिए इतिहास रचा है। दुती को 2014 में एथलेटिक्स महासंघों के अंतरराष्ट्रीय संघ (आईएएएफ) ने अपनी हाइपरएंड्रोगेनिज्म नीति के तहत निलंबित कर दिया था लेकिन यह भारतीय धाविका खेल पंचाट मामला जीतने में सफल रही थी।