स्पोर्ट्स डेस्क : पूर्व भारतीय ऑलराउंडर रविचंद्रन अश्विन ने 13 जून को धर्मशाला में अफगानिस्तान के खिलाफ पहले वनडे में पंजाब के तेज गेंदबाज गुरनूर बरार के शानदार डेब्यू के बाद उन्हें चुनने और उनका समर्थन करने के लिए BCCI सिलेक्शन कमिटी की तारीफ की है। बारिश से प्रभावित इस मैच को 25 ओवर का कर दिया गया था जिसमें बरार ने तेज गति से गेंदबाजी की और लगातार 145 kmph से ज्यादा की रफ्तार से गेंदें डालीं। उन्होंने 27 रन देकर 3 विकेट लिए और इंटरनेशनल क्रिकेट में अपनी सिर्फ पांचवीं गेंद पर अपना पहला विकेट हासिल किया। अश्विन ने बताया कि बरार गेंदबाजी के कई पहलुओं में माहिर हैं और उनकी कम उम्र उनके लिए एक बड़ा फायदा है।
अश्विन ने अपने युटूय्बू चैनल पर कहा, 'गुरनूर बरार, हमें कहना होगा कि वह वाकई बहुत प्रभावशाली हैं। वह लंबे हैं और ऐसा लगता है कि वह काफी मजबूत भी हैं। उन्होंने हर गेंद 145 kmph से ज्यादा की रफ्तार से डाली। उनमें बहुत क्षमता है। नई गेंद के साथ उनका कौशल, एक्शन और स्विंग, सब कुछ बहुत बढ़िया है। वह और भी तेज गेंदबाजी कर सकते हैं, वह अभी युवा हैं।'
जब 26 साल के बरार को जम्मू-कश्मीर के तेज गेंदबाज आकिब नबी (जो घरेलू सर्किट में सबसे अच्छे सीम गेंदबाजों में से एक रहे हैं) से पहले टेस्ट और वनडे टीम में शामिल किया गया था तो लोगों ने हैरानी जताई थी। अश्विन ने बरार को एक संभावित टैलेंट के तौर पर पहचानने में सिलेक्टर्स की समझ का समर्थन किया और इस गेंदबाज को भारत के लिए एक संभावित स्टार बताया।
उन्होंने कहा, 'जब सेलेक्टर्स ने आकिब नबी की जगह गुरनूर बरार को चुना, तो कई लोगों ने इस पर बात की। मुझे लगता है कि यह बहुत अच्छा फैसला था। उनके बीच कोई तुलना नहीं है, लेकिन जिन सेलेक्टर्स और कोच ने गुरनूर को देखा, उनकी तारीफ होनी चाहिए, उनकी परख बहुत अच्छी है। अगर वह फिट रहते हैं और सही चीजें करते हैं, तो भविष्य में भारत के लिए बहुत बड़े बॉलर बन सकते हैं।'