स्पोर्ट्स डेस्क : गुजरात टाइटंस (GT) और रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (RCB) के बीच IPL 2026 मैच में रजत पाटिदार (Rajat Patidar) को आउट करने के लिए जेसन होल्डर (Jason Holder) के कैच पर एक बड़ा विवाद देखने को मिला। अब इस मामले पर भारत के पूर्व स्पिनर रविचंद्रन अश्विन ने इस विवाद पर अपनी राय दी।
पाटिदार ने अरशद खान की गेंद पर पुल शॉट खेला, जिससे गेंद डीप स्क्वायर लेग की तरफ हवा में उड़ गई। होल्डर बाउंड्री से दौड़ते हुए आए, डाइव लगाई और जमीन के करीब से कैच लपक लिया। हालांकि विराट कोहली (Virat Kohli) को यह कैच सही नहीं लगा और उन्हें चौथे अंपायर के साथ इस बात पर गरमागरम बहस करते देखा गया कि क्या गेंद जमीन को छू गई थी। RCB टीम को पूरा यकीन था कि होल्डर ने गेंद को ठीक से नहीं पकड़ा था, लेकिन अंपायर का फैसला नहीं बदला गया।

अश्विन ने अपने यूट्यूब चैनल पर कहा, 'जेसन होल्डर के हाथ मेरे हाथों से दोगुने बड़े हैं। उनके हाथों में गेंद लगभग गायब ही हो जाती है। इसलिए, भले ही आप लोग उनकी उंगलियों के बीच की जगह से गेंद को देख पा रहे हों, इसका मतलब यह नहीं है कि गेंद जमीन से टकराई है। उन्होंने शायद गेंद को अपने हाथों में पूरी तरह से लपेट लिया था। शायद गेंद जमीन को नहीं छू पाई थी।'
पाटीदार का यह आउट होना मैच का एक अहम मोड़ साबित हुआ और RCB यह मैच 4 विकेट से हार गई। हालांकि अश्विन ने कहा कि निष्पक्ष दर्शक के तौर पर यह कैच पूरी तरह से सही लग रहा था। उन्होंने आगे कहा, 'अगर आप RCB की तरफ से सोच रहे हैं, तो आपको लग सकता है कि वह बदकिस्मत थे। अगर आप GT की तरफ से देखें तो यह एक साफ-सुथरा आउट था। लेकिन अगर आप इसे एक निष्पक्ष दर्शक के तौर पर देख रहे हैं, तो यह पूरी तरह से सही कैच था।'

कोहली की शानदार शुरुआत के बाद RCB की पारी अचानक लड़खड़ा गई और पूरी टीम 19.2 ओवरों में 155 रन बनाकर ऑल आउट हो गई। इस दौरान अरशद खान (3/22), राशिद खान (2/19), और जेसन होल्डर (2/29) ने मिलकर RCB के विकेट चटकाए। जवाब में GT ने धमाकेदार शुरुआत की जिसमें शुभमन गिल (Shubman Gill) (18 गेंदों में 43 रन) और जोस बटलर (Jos Buttler) (19 गेंदों में 39 रन) ने शुरू से ही आक्रामक खेल दिखाया। बीच के ओवरों में जल्दी-जल्दी विकेट गिरने के बावजूद राहुल तेवतिया (Rahul Tewatia) (27 रन) और राशिद खान (Rashid Khan) ने गुजरात को जीत के लक्ष्य तक पहुंचाया और एक अनुशासित जीत हासिल की।