Sports

स्पोर्ट्स डेस्क: भारतीय तेज गेंदबाज अर्शदीप सिंह ने अचानक अपने इंस्टाग्राम अकाउंट में बड़ा बदलाव कर फैंस को चौंका दिया है। पंजाब किंग्स के इस स्टार गेंदबाज ने 200 से ज्यादा पोस्ट डिलीट कर दिए हैं और अपनी डिस्प्ले पिक्चर भी बदल दी है। अब उनके प्रोफाइल पर सिर्फ करीब 40 पोस्ट ही दिखाई दे रहे हैं। इस सोशल मीडिया क्लीनअप के बाद फैंस के बीच कई तरह की चर्चाएं शुरू हो गई हैं।

विराट कोहली संग वायरल Reel भी हुई गायब

अर्शदीप सिंह ने जिन पोस्ट्स को हटाया है, उनमें विराट कोहली के साथ उनकी वायरल इंस्टाग्राम Reel भी शामिल है। यह वीडियो सोशल मीडिया पर काफी वायरल हुआ था और इसे लाखों व्यूज मिले थे। यह Reel दिसंबर 2025 में दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ भारत की वनडे सीरीज जीत के बाद रिकॉर्ड की गई थी। वीडियो में अर्शदीप मजाकिया अंदाज में विराट कोहली से एक और शतक मिस करने को लेकर बात करते नजर आए थे, जिस पर कोहली ने भी मजेदार जवाब दिया था।

फैंस को दोनों खिलाड़ियों की यह बातचीत काफी पसंद आई थी और यह पोस्ट-सीरीज सेलिब्रेशन का सबसे चर्चित वीडियो बन गया था। ऐसे में इस Reel का अचानक हटना लोगों के लिए हैरानी की बात बन गया।

सोशल मीडिया पर पहले भी हो चुके हैं ट्रोल

अर्शदीप सिंह हाल के दिनों में कुछ सोशल मीडिया वीडियो को लेकर विवादों में भी रहे थे। स्नैपचैट पर शेयर किए गए कुछ वीडियो को लेकर उन्हें आलोचनाओं का सामना करना पड़ा था। एक वीडियो में ‘अंधेरा’ शब्द के इस्तेमाल को लेकर लोगों ने आरोप लगाया था कि वह तिलक वर्मा के रंग का मजाक उड़ा रहे हैं। वहीं दूसरे वीडियो में उन्होंने कथित तौर पर प्रियांश आर्य के दांतों को लेकर मजाक किया था। इन क्लिप्स के बाद सोशल मीडिया पर उन्हें काफी ट्रोल किया गया।

पंजाब किंग्स से जुड़े पोस्ट अब भी मौजूद

हालांकि सोशल मीडिया पर यह दावा किया गया कि अर्शदीप ने पंजाब किंग्स से जुड़े सभी पोस्ट भी हटा दिए हैं, लेकिन ऐसा नहीं है। उनके अकाउंट पर अभी भी पंजाब किंग्स और क्रिकेट करियर से जुड़े कई पोस्ट मौजूद हैं। प्रोफाइल पर व्यक्तिगत तस्वीरें, करियर उपलब्धियां और कुछ ब्रांड प्रमोशन पोस्ट अब भी दिखाई दे रहे हैं।

IPL 2026 में संघर्ष के बाद आया बड़ा बदलाव

अर्शदीप का यह इंस्टाग्राम बदलाव IPL 2026 के ठीक बाद आया है। इस सीजन उन्होंने पंजाब किंग्स के लिए 14 लीग मैचों में 14 विकेट जरूर लिए, लेकिन उनकी इकॉनमी 10.21 रही, जो उनके लिए चिंता का विषय बनी। पंजाब किंग्स इस बार प्लेऑफ में जगह नहीं बना सकी और अर्शदीप के प्रदर्शन को लेकर भी लगातार सवाल उठते रहे।

अब तक नहीं आया कोई आधिकारिक बयान

27 वर्षीय तेज गेंदबाज ने अभी तक पोस्ट डिलीट करने या अकाउंट में बदलाव को लेकर कोई आधिकारिक बयान नहीं दिया है। न ही उनकी मैनेजमेंट टीम की तरफ से इस मामले में कोई प्रतिक्रिया सामने आई है। हालांकि भारत के आगामी अंतरराष्ट्रीय मुकाबलों से पहले उनके इस सोशल मीडिया बदलाव ने फैंस के बीच उत्सुकता जरूर बढ़ा दी है।