Sports

चेन्नई : भारत के पूर्व टेबल टेनिस खिलाड़ी और अर्जुन पुरस्कार विजेता वी चंद्रशेखर का कोविड—19 से जुड़ी जटिलताओं के कारण एक निजी अस्पताल में निधन हो गया। पारिवारिक सूत्रों ने यह जानकारी दी। वह 64 वर्ष के थे। उनके परिवार में पत्नी और पुत्र हैं। चंद्रा नाम से मशहूर चंद्रशेखर तीन बार के राष्ट्रीय चैंपियन थे।

चेन्नई में जन्मा यह खिलाड़ी 1982 में राष्ट्रमंडल खेलों के सेमीफाइनल में पहुंचा था। वह सफल कोच भी रहे थे। चंद्रशेखर का करियर 1984 में घुटने के असफल आपरेशन के कारण आगे नहीं बढ़ पाया था। इस कारण उनका चलना फिरना बंद हो गया, उनकी आवाज और दृष्टि चली गई थी।

उन्होंने हालांकि हार नहीं मानी और बाद में कोच बने। उन्होंने अस्पताल के खिलाफ कानूनी लड़ाई में जीत हासिल की थी। जिन खिलाडिय़ों को उन्होंने कोचिंग दी उनमें वर्तमान भारतीय खिलाड़ी जी साथियान भी शामिल हैं।