Sports

खेल डैस्क : अक्सर क्रिकेट जगत में कोई एक क्रिकेटर रातों रात एक पारी खेलकर सबका चहेता बनता देखा जाता है। लेकिन कुछ दिन बाद जब वही क्रिकेटर अपना जलवा बरकरार नहीं रख पाता तो दर्शक अपनी नाराजगी भी खूब दिखाते हैं। ऐसा ही सितारा है करुण नायर। आईपीएल 2025 में करुण की अचानक दिल्ली कैपिटल्स टीम में एंट्री हुई। उन्होंने मुंबई के खिलाफ पहले ही मुकाबले में 89 रन बनाए लेकिन इसके बाद बड़ा स्कोर बनाने के लिए तरस गए। नतीजा यह रहा कि पंजाब के खिलाफ धर्मशाला के मैदान पर खेले गए मुकाबले में करुण को जगह नहीं मिल पाई। दिल्ली के कप्तान अक्षर पटेल उनपर भरोसा बरकरार ही नहीं रख पाए। दिल्ली टीम में उनकी जगह एक बार फिर से फाफ डु प्लेसिस को शामिल कर लिया गया।


करुण ने मुंबई इंडियंस के खिलाफ तब 89 रन की पारी खेली थी जब विरोधी टीम ने पहले खेलते हुए 5 विकेट पर 205 रन बनाए थे। जवाब में खेलने उतरी दिल्ली ने जब पहली ही ओवर में जेक फ्रेजर का विकेट गंवा लिया तो क्रीज पर आए करुण ने ताबड़तोड़ बल्लेबाजी करते हुए 10 ओवर में ही स्कोर 119 तक पहुंचा दिया। करुण ने 40 गेंदों पर 89 रन बनाए थे। लेकिन इसके बाद अगली 6 पारियों में वह 65 रन ही बना पाए। वह अपनी उसी फॉर्म को दोहरा नहीं पाए। इसी कारण दिल्ली कप्तान अक्षर पटेल ने उन्हें प्लेइंग 11 से बाहर का रास्ता दिखा दिया। 


टेस्ट क्रिकेट टीम से भी ऐसे ही बाहर हुए थे करुण

करुण ने अपने टेस्ट करियर की शुरूआत शानदार की थी। उन्होंने इंग्लैंड के खिलाफ पहले दो टेस्ट में केवल 17 रन बनाए थे। लेकिन तीसरे टेस्ट में उन्होंने 381 गेंदों पर ही नाबाद 303 रन बना दिए। वह भारत के लिए तिहरा शतक लगाने वाले सहवाग के बाद दूसरे प्लेयर भी बने। लेकिन इसके बाद आगामी तीन टेस्ट में उनका प्रदर्शन अच्छा नहीं रहा था जिसके चलते उन्हें टीम से बाहर का रास्ता दिखा दिया गया जिसके बाद उनकी वापसी नहीं हो सकी।