Sports

चोनबरी (थाईलैंड): भारत ने एएफसी अंडर-19 महिला चैंपियनशिप क्वालीफायर्स के पहले मैच में बुधवार को यहां पाकिस्तान को 18-0 से करारी शिकस्त दी। भारत की तरफ से स्ट्राइकर रेणु ने पांच गोल (52वें, 54वें, 75वें, 89वें और 90वें मिनट) किये। भारत मध्यांतर तक 9-0 से आगे था।           

मनीषा ने दूसरे मिनट में पहला गोल किया और फिर 25वें मिनट में भी एक गोल दागा। देवनेता (नौवें और 25वें) और दया देवी (27वें) ने भी गोल किए। इस बीच पाकिस्तानी गोलकीपर इमान फयाज ने 30वें मिनट में आत्मघाती गोल भी किया। पहले हाफ के इंजुरी टाइम में पापकी देवी और कप्तान जाबमनी टुडु ने भी गोल किए।

मध्यांतर के बाद रेणु के अलावा मनीषा (47वें), दया देवी (56वें मिनट), रोजा देवी (59वें) और सौम्यता गगलोथ (77वें) ने भी गोल किये। भारत के मुख्य कोच अलेक्स एंब्रोस ने कहा, ‘‘यह हमारे लिए शानदार परिणाम है। इस तरह की जीत से हमारी लड़कियों का काफी मनोबल बढ़ेगा। उम्मीद है कि हम अगले मैच में इससे बेहतर प्रदर्शन करेंगे।’’