खेल डैस्क : भारतीय क्रिकेट के दिग्गज कप्तान एमएस धोनी को 9 जून को आईसीसी के हॉल ऑफ फेम में शामिल किया गया। क्रिकेट की सर्वोच्च संस्था द्वारा आयोजित इस समारोह में धोनी 11वें भारतीय खिलाड़ी बने, जिन्हें यह प्रतिष्ठित सम्मान मिला। वे सचिन तेंदुलकर, कपिल देव जैसे महान क्रिकेटरों की सूची में शामिल हो गए हैं। धोनी की विरासत उनकी कप्तानी में भारतीय क्रिकेट टीम की सफलता से परिभाषित होती है। उनके नेतृत्व में भारत ने टी20 और 50 ओवर के विश्व कप जीते। उन्होंने 2013 में चैंपियंस ट्रॉफी का खिताब भी दिलाया और वे खेल के इतिहास में सबसे सफल कप्तानों में से एक हैं।
विकेटकीपर-बल्लेबाज धोनी ने 2004 में बांग्लादेश के खिलाफ वनडे में अंतरराष्ट्रीय पदार्पण किया। शुरुआत में वे पावर-हिटर के रूप में प्रसिद्ध हुए और 2008 से 2012 तक वनडे रैंकिंग में शीर्ष पर रहे। उन्होंने 50 ओवर के प्रारूप में 10,773 रन बनाए, जबकि टेस्ट में 4,876 और टी20आई में 1,617 रन स्कोर किए। कुल मिलाकर, धोनी ने अंतरराष्ट्रीय स्तर पर 16 शतक लगाए और दबाव में फिनिशिंग स्किल्स के लिए जाने गए।
आईसीसी हॉल ऑफ फेम में शामिल भारतीय खिलाड़ी
महेंद्र सिंह धोनी
सचिन तेंदुलकर
कपिल देव
बिशन सिंह बेदी
अनिल कुंबले
राहुल द्रविड़
विनू मांकड़
सुनील गावस्कर
वीरेंद्र सहवाग
डायना एडुल्जी
नीतू डेविड
धोनी ने इस सम्मान पर कृतज्ञता व्यक्त करते हुए कहा कि आईसीसी हॉल ऑफ फेम में शामिल होना गर्व की बात है, जो दुनिया भर के क्रिकेटरों के योगदान को मान्यता देता है। इतने महान खिलाड़ियों के साथ नाम जुड़ना अद्भुत है। यह मेरे लिए हमेशा यादगार रहेगा।
धोनी के साथ 6 अन्य दिग्गज शामिल
धोनी के साथ ही 6 अन्य खिलाड़ियों को हॉल ऑफ फेम में शामिल किया गया। इसमें ऑस्ट्रेलियाई दिग्गज मैथ्यू हेडन, दक्षिण अफ्रीकी जोड़ी हाशिम अमला और ग्रीम स्मिथ, न्यूजीलैंड के पूर्व कप्तान डेनियल वेटोरी शामिल हैं। महिला क्रिकेटर सना मीर और सारा टेलर भी 2025 की सूची में हैं।