Sports

नई दिल्ली:  केंद्रीय खेल मंत्रालय अॉस्ट्रेलिया में हादसे का शिकार होकर जान गंवा बैठीं युवा फुटबॉलर नितीशा नेगी के परिवार को 5 लाख रूपए की सहायता राशि देगा।  केंद्रीय खेल मंत्री राज्यवर्धन सिंह राठौर ने शुक्रवार को यह राशि जारी की। उन्होंने बताया कि सरकार नितीशा के परिजनों को पंडित दीनदयाल उपाध्याय राष्ट्रीय खिलाड़ी कल्याण कोष से पांच लाख रूपए की सहायता राशि देगा। पूर्वी दिल्ली के खिचड़ीपूर की रहने वालीं युवा फुटबालर नितीशा की इस वर्ष 10 सितंबर को आस्ट्रेलिया के एडिलेड में ग्लेनेल्ग बीच पर डूबने से मौत हो गयी थी।   

सरकार की इस योजना के तहत प्रतिभाशाली खिलाड़ियों को आर्थिक मदद या खिलाड़ियों को ट्रेनिंग या टूर्नामेंटों के दौरान चोटिल होने या किसी हादसे का शिकार होने पर उनपर निर्भर परिजनों को अधिकतम 5 लाख रूपए तक की सहायता राशि मुहैया करायी जाती है।  

गौरतलब है कि ऑस्ट्रेलिया में आयोजित पेसेफिक स्कूल गेम्स में भाग लेने गए भारतीय दल का हिस्सा रहीं नितीशा 5 अन्य महिला फुटबॉलरों के साथ समुद्र तट पर गयीं थीं इसी दौरान वे समुद्र में बह गयीं। बचाव दल ने 4 लड़कियों को सुरक्षित निकाल लिया लेकिन नितीशा का अगले दिन शव मिला।