Sports

नई दिल्ली: हरियाणा सोमवार को एक भी स्वर्ण पदक नहीं जीतने के बावजूद खेलों इंडिया स्कूल खेलों की पदक तालिका में शीर्ष पर रहा लेकिन दिल्ली ने अपने खिलाडिय़ों के शानदार प्रदर्शन की बदौलत अंतर काफी कम कर दिया है। दिल्ली ने लड़कों की वालीबाल और कबड्डी प्रतियोगिता में स्वर्ण पदक जीते जिससे उसके स्वर्ण पदकों की संख्या 18 हो गई है। महाराष्ट्र 16 स्वर्ण के साथ तीसरे जबकि कर्नाटक 15 स्वर्ण के साथ चौथे स्थान पर है। हरियाणा 20 स्वर्ण के साथ शीर्ष पर है।     

हाकी में पंजाब सेमीफाइनल में
लड़कों की हाकी स्पर्धा में खिताब के दावेदारों में शामिल ओडि़शा और पंजाब ने  क्रमश: दिल्ली और कर्नाटक को हराकर सेमीफाइनल में जगह बनाई। ध्यानचंद राष्ट्रीय स्टेडियम में हुए क्वार्टर फाइनल में ओडि़शा ने दिल्ली को 5-1 जबकि पंजाब ने कर्नाटक को 7-1 से हराया। 

वालीबाल में बंगाल ने लड़कियों के वर्ग में स्वर्ण पदक जीता। लड़कों के फाइनल में दिल्ली ने उत्तर प्रदेश को 3-2 जबकि लड़कियों के वर्ग में बंगाल ने महाराष्ट्र को 3-0 से हराया। केरल ने उत्तराखंड को हराकर लड़कों जबकि गुजरात ने उत्तर प्रदेश को हराकर लड़कियों के वर्ग का कांस्य पदक जीता।         

भारोत्तोलन में राष्ट्रमंडल युवा चैंपियन मणिपुर कोंसाम ओर्मिला देवी ने 44 किग्रा वर्ग में बड़े अंतर से स्वर्ण पदक जीता। उन्होंने कुल 137 किग्रा वजन उठाया जो पिछले सितंबर में गोल्ड कोस्ट में राष्ट्रमंडल स्पर्धा में उठाए 133 किग्रा से चार किग्रा बेहतर है। उन्होंने स्नैच में 59 और क्लीन एवं जर्क में 78 किग्रा वजन उठाया।