Sports

कोलकाताः बिद्यासागर सिंह के दो दमदार गोलों से बंगाल ने महाराष्ट्र को 72 वीं संतोष ट्रॉफी राष्ट्रीय फुटबाल प्रतियोगिता में बुधवार को 5-1 के बड़े अंतर से रौंद कर अपनी लगातार दूसरी जीत दर्ज की। बंगाल के इस जीत के बाद दो मैचों से छह अंक हो गए हैं। बंगाल ने पिछले मैच में मणिपुर को हराया था। 

महाराष्ट्र ने मैच के नौवें मिनट में ही गोल कर बढ़त बनाई और इसे पहले हाफ तक कायम रखा लेकिन बंगाल ने दूसरे हाफ में पांच गोल दागकर महाराष्ट्र की उम्मीदों को तोड़ दिया। बंगाल की शानदार जीत में मंतोष चकलाधर ने 56वें, जितेन मुर्मू ने 63वें, बिद्यासागर सिंह ने 80 वें और 82वें तथा राजन बर्मन ने 90 वें मिनट में गोल किए। महाराष्ट्र का एकमात्र गोल लिएंडर धर्मेई ने नौवें मिनट में किया। बंगाल का अगला मुकाबला चंडीगढ़ से 25 मार्च को मोहन बागान मैदान पर होगा जबकि महाराष्ट्र 23 मार्च को चंडीगढ़ से रबिन्द्र सरोबर स्टेडियम में भिड़ेगा। 

चंडीगढ़ और मणिपुर ने खेला 1-1 का ड्रा 
चंडीगढ़ और मणिपुर ने 72 वीं संतोष ट्रॉफी राष्ट्रीय फुटबाल प्रतियोगिता में बुधवार को रबिन्द्र सरोबर स्टेडियम में 1-1 का ड्रा खेल कर अंक बांट लिए। मणिपुर ने 26 वें मिनट में एनगंगबम न्योचा के गोल से बढ़त बनाई और इसे पहले हाफ तक बरकरार रखा। चंडीगढ़ ने दूसरे हाफ में विवेक राणा के 65 वें मिनट के गोल से बराबरी हासिल कर ली।  मणिपुर और चंडीगढ़ इस ड्रा के बाद ग्रुप ए में सबसे नीचे हैं। मणिपुर का अगला मुकाबला केरल से शुक्रवार को होगा जबकि चंडीगढ़ की टीम महाराष्ट्र से इसी दिन भिड़ेगी।