Latest News

गुवाहाटी: हाईलैंडर्स नाम से मशहूर नार्थईस्ट यूनाइटेड एफसी को बुधवार को इंदिरा गांधी एथलेटिक स्टेडियम में खेले गए हीरो इंडियन सुपर लीग (आईएसएल) के अपने छठे राउंड रोबिन मुकाबले में मुंबई सिटी एफसी के हाथों 0-2 से हार मिली। तमाम प्रयासों के बावजूद यह टीम इस सीजन में अपने घर में जीत का खाता नहीं खोल सकी।

अपना सातवां मैच खेल रही मुंबई बेहतरीन डिफेंस और बलवंत सिंह द्वारा 34वें तथा 68वें मिनट में किए गए शानदार गोलों की मदद से यादगार जीत दर्ज करते हुए जीत की पटरी पर लौटी। इस जीत के साथ मुंबई के 10 अंक हो गए हैं और 10 टीमों की तालिका में चौथे स्थान पर पहुंच गई है। दूसरी ओर, नार्थईस्ट यूनाइटेड एफसी नौवें स्थान पर कायम है।

बलवंत रहे 'Star Performer'
34वें मिनट में बलवंत सिंह द्वारा किए गए गोल की मदद से मुंबई ने बढ़त हासिल कर ली। यह गोल हालांकि नार्थईस्ट के गोलकीपर रवि कुमार की गलती का नतीजा था। वह गेंद को रोकने के प्रयास में बॉक्स से काफी बाहर निकल गए। बलवंत ने देखा कि रवि आगे आ गए हैं और गोल खाली है तो उन्होंने चालाकी से गेंद उनके पैरों के बीच से निकाल दी। बलवंत ने 68वें मिनट में एक और शानदार गोल करते हुए मुंबई को 2-0 के आगे कर दिया। इस गोल के साथ बलवंत इस सीजन में सबसे अधिक गोल करने वाले भारतीय बन गए।