Sports

खेल डैस्क : हांग्जो में होने वाले एशियाई खेल की जब तैयारी चल रही थी तब अनुभवी भारतीय सलामी बल्लेबाज शिखर धवन इस कारण चौंक गए थे क्योंकि उनका उक्त लिस्ट में नाम नहीं था जोकि एशियाई खेलों के लिए जानी थी। धवन इस मुद्दे पर वक्त बाद फिर से बोले हैं। उन्होंने कहा कि जब मैंने एशियाई खेलों की टीम में अपना नाम नहीं देखा तो मैं हैरान रह गया। बाद में, मैंने सोचा कि उनका सोचने का तरीका अलग है और आपको इसे स्वीकार करना चाहिए।


धवन ने स्पष्ट किया कि उन्होंने किसी भी चयनकर्ता के साथ अपने भविष्य पर चर्चा नहीं की है और एनसीए (राष्ट्रीय क्रिकेट अकादमी) में समय बताया। धवन ने कहा कि मैंने अपने भविष्य के बारे में किसी भी चयनकर्ता से बात नहीं की है। मैं नियमित रूप से एनसीए का दौरा करता हूं और वहां बिताए गए समय का आनंद लेता हूं। सुविधाएं उत्कृष्ट हैं। एनसीए ने मेरे करियर को संवारने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई और मैं इसके लिए आभारी हूं। 

 


गौरतलब है कि रुतुराज गायकवाड़ की कप्तानी में भारत ने पिछले साल एशियाई खेलों में पुरुष क्रिकेट स्पर्धा में हिस्सा लिया था। टीम इंडिया यहां गोल्ड मैडल जीतने में सफल रही थी। टीम इंडिया से बाहर चल रहे धवन के लिए फैंस की उम्मीदें थीं कि बीसीसीआई उन्हें एशियाई खेलों के लिए भेजी जाने वाली टीम का कप्तान बनाएंगे। लेकिन ऐन मौके पर धवन का नाम लिस्ट में नहीं दिखा। ऋतुराज गायकवाड़ को कप्तान बनाकर एशियाई खेलों में भेजा गया था। 


फिलहाल शिखर धवन की नजरें आईपीएल पर टिकी हुई हैं। वह पंजाब किंग्स के कप्तान हैं। और आईपीएल में उनका प्रदर्शन हमेशा से स्तरीय रहा है। वह अब तक 217 आईपीएल मैचों में 6616 रन बना चुके हैं। जिसमें दो शतक और 50 अर्धशतक भी शामिल हैं। उनसे आगे विराट कोहली हैं जोकि 237 मैचों में 7263 रन बना चुके हैं। कोहली आईपीएल में 7 शतक और 50 अर्धशतक लगा चुके हैं।