Sports

केप टाउन: महिला टी-20 विश्वकप में ऑस्ट्रेलिया और दक्षिण अफ्रीका के बीच फाइनल मुकाबला रविवार यानी आज होने जा रहा है। इस महामुकाबले में जहां पांच बार की टी20 चैंपियन ऑस्ट्रेलियाई टीम आठवीं बार यह खिताब अपने नाम करना चाहेगी, वहीं दक्षिण अफ्रीका की कोशिश रहेगी कि वह पहली बार यह खिताब अपने नाम करे। आईसीसी ट्रॉफी से एक कदम दूर दक्षिण अफ्रीका की कप्तान सुने लुस का मानना है कि उनकी टीम चांदी की ट्राफी उठा कर इस ‘अछ्वुत टूर्नामेंट' को समाप्त करने की तमन्ना रखती है। 

केपटाउन के न्यूलैंड्स में होने वाले इस मुकाबले से पहले लुस ने कहा, ‘‘यह अब तक मैदान के अंदर और बाहर एक अछ्वुत टूर्नामेंट रहा है।हमारा लक्ष्य राष्ट्र को प्रेरित करना, दक्षिण अफ्रीका में महिला क्रिकेट को मानचित्र पर लाना, युवा लड़कियों और लड़कों के लिए अपना बल्ला और गेंद उठाना है। ''   

उन्होने कहा ‘‘इस दिशा में हम निश्चित रूप से काम कर रहे हैं। यह कुछ ऐसा है जिसके बारे में हमने कभी नहीं सोचा था। हमारे देश में महिला क्रिकेट मैच का टिकट खरीदने के लिए कतार में खड़े लोगों को देखना बहुत खास है। मुझे नहीं लगता कि हम यह दिखाने के लिए और अधिक कर सकते हैं। हम इस देश में महिला क्रिकेट के बारे में गंभीर हैं। ''       

लुस ने कहा कि ऐसा करने के लिए, दक्षिण अफ्रीका को अपने ग्रुप स्टेज में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ प्रदर्शन में सुधार करना होगा। सलामी जोड़ी के बारे में लुस ने कहा ‘‘वे सही समय पर अपनी प्रगति और अपना आत्मविश्वास पा रहे हैं। इस बात को लेकर काफी चर्चा हो रही है कि क्या हम उन्हें मध्य क्रम में रखना चाहते हैं या मध्यक्रम को ऊपर के क्रम में जाना है या नहीं।''