स्पोर्ट्स डेस्क : ICC महिला टी20 विश्व कप 2026 में क्रिकेट प्रेमियों को एक और रोमांचक भारत-पाकिस्तान मुकाबला देखने को मिलेगा। हर्मनप्रीत कौर की कप्तानी वाली भारतीय टीम रविवार, 14 जून को बर्मिंघम के एजबेस्टन मैदान पर पाकिस्तान के खिलाफ अपने अभियान की शुरुआत करेगी। हाल ही में वनडे विश्व कप जीतने वाली भारतीय टीम टी20 विश्व कप में भी विजयी आगाज करने के इरादे से उतरेगी।
पाकिस्तान के खिलाफ भारत का दबदबा
महिला टी20 अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में भारत का रिकॉर्ड पाकिस्तान के खिलाफ बेहद शानदार रहा है। दोनों टीमों के बीच अब तक 16 मुकाबले खेले गए हैं, जिनमें से भारत ने 13 मैच जीते हैं, जबकि पाकिस्तान को सिर्फ 3 जीत मिली हैं। दोनों टीमों की पिछली भिड़ंत महिला टी20 विश्व कप 2024 में दुबई में हुई थी, जहां भारतीय टीम ने पाकिस्तान को छह विकेट से हराया था। ऐसे में मनोवैज्ञानिक बढ़त भी भारत के पास होगी।
खिताब की प्रबल दावेदार भारत
भारतीय महिला टीम ने हाल के वर्षों में सीमित ओवरों के क्रिकेट में लगातार शानदार प्रदर्शन किया है। वनडे विश्व कप जीतने वाली टीम के अधिकांश खिलाड़ी इस टी20 विश्व कप में भी शामिल हैं। स्मृति मंधाना, शेफाली वर्मा, जेमिमा रोड्रिग्स और कप्तान हर्मनप्रीत कौर पर बल्लेबाजी की बड़ी जिम्मेदारी होगी, जबकि दीप्ति शर्मा और रेणुका सिंह गेंदबाजी आक्रमण की अगुवाई करेंगी।
कब और कहां खेला जाएगा मैच?
भारत और पाकिस्तान के बीच महिला टी20 विश्व कप 2026 का मुकाबला रविवार, 14 जून को एजबेस्टन, बर्मिंघम में खेला जाएगा।मुकाबला भारतीय समयानुसार शाम 7:00 बजे शुरू होगा, जबकि टॉस शाम 6:30 बजे होगा।
कहां देखें लाइव मैच?
भारत और पाकिस्तान के बीच इस हाई-वोल्टेज मुकाबले का सीधा प्रसारण स्टार स्पोर्ट्स नेटवर्क पर किया जाएगा। वहीं मैच की लाइव स्ट्रीमिंग जियोहॉटस्टार ऐप और वेबसाइट पर उपलब्ध रहेगी, जहां फैंस अपने मोबाइल और अन्य डिजिटल डिवाइस पर मुकाबले का आनंद ले सकेंगे।