स्पोर्ट्स डेस्क: IPL 2026 के क्वालिफायर-2 में राजस्थान रॉयल्स का शानदार सफर आखिरकार समाप्त हो गया। नरेंद्र मोदी स्टेडियम में खेले गए मुकाबले में गुजरात टाइटंस ने राजस्थान को 7 विकेट से हराकर फाइनल में प्रवेश कर लिया, जहां उसका सामना रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (RCB) से होगा। राजस्थान ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 214 रन का विशाल स्कोर खड़ा किया था, लेकिन शुभमन गिल और साई सुदर्शन की विस्फोटक बल्लेबाजी के आगे यह लक्ष्य भी छोटा साबित हुआ।
हार के बाद क्या बोले रियान पराग?
मुकाबले के बाद राजस्थान रॉयल्स के कप्तान रियान पराग ने टीम के प्रदर्शन पर खुलकर बात की। उन्होंने माना कि उनकी टीम ने अच्छा स्कोर बनाया था, लेकिन यह जीत के लिए पर्याप्त नहीं था।
रियान पराग ने कहा, 'मुझे लगता है कि यह बराबरी का स्कोर था। 215 रन डिफेंड किए जा सकते थे, लेकिन पहली पारी के बाद विकेट बल्लेबाजी के लिए और बेहतर हो गया। पहली पारी में स्पिनरों को थोड़ी मदद मिल रही थी और धीमी गेंदें रुककर आ रही थीं। मेरा मानना है कि 230-240 रन का स्कोर होता तो लक्ष्य का पीछा करना काफी मुश्किल हो जाता।'
उन्होंने आगे कहा, '215 रन के बावजूद हमें पता था कि गुजरात की बल्लेबाजी बहुत मजबूत है। हमें उनके ओपनर्स को जल्दी आउट करना था, लेकिन हम ऐसा नहीं कर सके। इसके बाद मुकाबला हमारे लिए काफी कठिन हो गया।'
'हम तो क्वालिफाई करने के भी हकदार नहीं थे'
रियान पराग ने राजस्थान रॉयल्स के पूरे सीजन का आकलन करते हुए एक चौंकाने वाला बयान दिया। उन्होंने कहा, 'इस सीजन में हमारे लिए काफी सकारात्मक बातें रहीं। अगर मुझे पूरे अभियान को एक लाइन में बताना हो तो मैं कहूंगा कि हम तो क्वालिफाई करने के भी हकदार नहीं थे। टीम में काफी नए खिलाड़ी थे, कई नए कॉम्बिनेशन आजमाए गए। इसके बावजूद खिलाड़ियों ने शानदार जज्बा दिखाया। यह आगे की लंबी यात्रा की शानदार शुरुआत है।'
वैभव सूर्यवंशी की जमकर तारीफ
रियान पराग ने युवा बल्लेबाज वैभव सूर्यवंशी की भी खुलकर सराहना की, जिन्होंने एक बार फिर शानदार बल्लेबाजी करते हुए 47 गेंदों में 96 रन बनाए।
पराग ने कहा, 'वैभव के बारे में शब्दों में बताना मुश्किल है। कई खिलाड़ी सिर्फ बड़े शॉट लगाकर रन बनाते हैं, लेकिन वैभव ऐसा नहीं करता। आज जैसी पारी केवल ताकत के दम पर नहीं खेली जा सकती। वह परिस्थितियों को समझता है, गणना करता है और उसी हिसाब से बल्लेबाजी करता है।'
उन्होंने आगे कहा, 'मुझे आज तक समझ नहीं आया कि वह इतनी कम उम्र में यह सब कैसे कर लेता है। मैं उम्मीद करता हूं कि वह देश के लिए भी इसी तरह प्रदर्शन करता रहेगा, भारत का नाम रोशन करेगा और राजस्थान रॉयल्स को दूसरा खिताब जिताने में मदद करेगा।'
सूर्यवंशी की पारी पर फिरा पानी
टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी राजस्थान रॉयल्स को वैभव सूर्यवंशी ने शानदार शुरुआत दिलाई। युवा बल्लेबाज ने 47 गेंदों में 96 रन बनाए और शतक से महज 4 रन दूर रह गए। दिलचस्प बात यह रही कि वह उसी तरह आउट हुए जैसे एलिमिनेटर मुकाबले में सनराइजर्स हैदराबाद के खिलाफ हुए थे। उनके अलावा रवींद्र जडेजा ने 35 गेंदों पर 45 रन बनाए, जबकि डोनोवन फरेरा ने सिर्फ 11 गेंदों में 38 रन की तूफानी पारी खेली।
गिल-सुदर्शन ने छीन ली जीत
215 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी गुजरात टाइटंस को शुभमन गिल और साई सुदर्शन ने धमाकेदार शुरुआत दिलाई। दोनों बल्लेबाजों ने शतकीय साझेदारी करते हुए राजस्थान के गेंदबाजों को पूरी तरह बैकफुट पर धकेल दिया।
गिल ने कप्तानी पारी खेलते हुए 53 गेंदों में 104 रन बनाए, जबकि सुदर्शन ने 32 गेंदों में 58 रन की तेजतर्रार पारी खेली। दोनों के बीच यह ओपनिंग जोड़ी के रूप में 11वीं 100+ रन की साझेदारी रही। इसके बाद वॉशिंगटन सुंदर ने 9 गेंदों पर 16 रन, राहुल तेवतिया ने नाबाद 17 रन और जोस बटलर ने नाबाद 9 रन बनाकर गुजरात को आसानी से लक्ष्य तक पहुंचा दिया।
अब फाइनल में RCB से भिड़ेगी गुजरात
इस जीत के साथ गुजरात टाइटंस ने IPL 2026 के फाइनल में जगह बना ली है। 31 मई को अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में उसका सामना डिफेंडिंग चैंपियन रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु से होगा।