Sports

स्पोर्ट्स डेस्क: भारत और इंग्लैंड के बीच 16 जुलाई से शुरू होने वाली तीन मैचों की वनडे सीरीज में सभी की नजरें विराट कोहली पर रहेंगी। हैमस्ट्रिंग चोट से उबरने के बाद कोहली लंबे समय बाद मैदान पर वापसी करेंगे। इस सीरीज में उनके पास न सिर्फ शानदार वापसी करने का मौका होगा, बल्कि भारत-इंग्लैंड वनडे इतिहास में सचिन तेंदुलकर का बड़ा रिकॉर्ड तोड़ने का भी सुनहरा अवसर होगा।

सिर्फ 59 रन बनाते ही सचिन से निकल जाएंगे आगे

भारत और इंग्लैंड के बीच वनडे मुकाबलों में सबसे ज्यादा रन बनाने वालों की सूची में फिलहाल सचिन तेंदुलकर तीसरे स्थान पर हैं। सचिन ने 37 मैचों में 1455 रन बनाए थे। वहीं विराट कोहली के नाम 38 पारियों में 1397 रन दर्ज हैं। यानी कोहली को सचिन को पीछे छोड़ने के लिए सिर्फ 59 रन की जरूरत है।

अगर विराट इस सीरीज में 150 रन बनाने में सफल रहते हैं तो वह इस सूची में एमएस धोनी (1546 रन) और युवराज सिंह (1526 रन) को भी पीछे छोड़कर भारत-इंग्लैंड वनडे इतिहास में सबसे ज्यादा रन बनाने वाले भारतीय बल्लेबाज बन जाएंगे।

भारत-इंग्लैंड वनडे में सबसे ज्यादा रन (भारतीय बल्लेबाज)

एमएस धोनी – 1546 रन (44 पारियां)
युवराज सिंह – 1526 रन (36 पारियां)
सचिन तेंदुलकर – 1455 रन (37 मैच)
विराट कोहली – 1397 रन (38 पारियां)

इंग्लैंड की धरती पर शानदार रहा है विराट का रिकॉर्ड

इंग्लैंड के खिलाफ इंग्लैंड में विराट कोहली का वनडे रिकॉर्ड भी शानदार रहा है। उन्होंने 16 पारियों में 581 रन बनाए हैं, जिसमें एक शतक और चार अर्धशतक शामिल हैं। अगर इंग्लैंड की धरती पर खेले गए सभी वनडे (विश्व कप और चैंपियंस ट्रॉफी सहित) की बात करें तो विराट ने 33 पारियों में 1349 रन बनाए हैं। इस दौरान उनका औसत 51.88 रहा है, जिसमें एक शतक और 12 अर्धशतक शामिल हैं।

बर्मिंघम में भी खेल चुके हैं कई यादगार मुकाबले

विराट कोहली का बर्मिंघम के एजबेस्टन मैदान से भी खास रिश्ता रहा है। उन्होंने 2019 वनडे विश्व कप में इंग्लैंड के खिलाफ यहां 66 रन बनाए थे, जबकि बांग्लादेश के खिलाफ 26 रन की पारी खेली थी। वहीं 2017 आईसीसी चैंपियंस ट्रॉफी में इसी मैदान पर उन्होंने पाकिस्तान के खिलाफ 81 रन* और बांग्लादेश के खिलाफ 96 रन* की मैच जिताऊ पारियां खेली थीं। ऐसे में एक बार फिर एजबेस्टन में उनसे बड़ी पारी की उम्मीद रहेगी।