Sports

नई दिल्ली : देश के सर्वोच्च खेल सम्मान खेल रत्न के लिए भारतीय क्रिकेट कप्तान विराट कोहली और विश्व चैम्पियन महिला भारोत्तोलक मीराबाई चानू का नाम फाइनल हो गया है। राष्ट्रपति भवन में 25 सितंबर को होने वाले विशेष कार्यक्रम में इन दोनों प्लेयर्स को सम्मानित किया जाएगा। इसके अलावा, 20 प्लेयर ऐसे होंगे जिन्हें उनकी उपलब्धियों के लिए अर्जुन पुरस्कार दिया जाएगा। खिलाड़ियों के कोचों को भी द्रोणाचार्य अवॉर्ड दिया जाएगा। 

PunjabKesari

बता दें कि भारतीय कप्तान विराट के नाम की तीनों प्रारूप में 2016 में भी चर्चा हुई थी, लेकिन तब उन्हें चुना नहीं गया था। इससे पहले सचिन तेंदुलकर (1997) और महेंद्र सिंह धोनी (2007) यह प्रतिष्ठित सम्मान पा चुके हैं। इसी तरह, पिछले साल भारोत्तोलन विश्व चैम्पियनशिप में 48 किलोग्राम वर्ग में स्वर्ण पदक जीतने वाली 24 वर्षीय मीराबाई चानू भी खेल रत्न बनेंगी। राजीव गांधी खेल रत्न पुरस्कार प्राप्त करने वाले को पदक और प्रशस्ति पत्र के अतिरिक्त 7.5 लाख रुपए का नकद पुरस्कार दिया जाएगा। अर्जुन, द्रोणाचार्य तथा ध्यानचंद पुरस्कार प्राप्त करने वाले प्रत्येक खिलाड़ी को लघु प्रतिमाएं, प्रमाण पत्र और 5 लाख रुपए नकद मिलेंगे।

पुरस्कार विजेताओं की सूची इस प्रकार है
राजीव गांधी खेल रत्न पुरस्कार:
विराट कोहली और मीराबाई चानू।
अर्जुन पुरस्कार: नीरज चोपड़ा, जिन्सन जॉनसन और हिमा दास (एथलेटिक्स); एन सिक्की रेड्डी (बैडमिंटन); सतीश कुमार (मुक्केबाजी); स्मृति मंदाना (क्रिकेट); शुभंकर शर्मा (गोल्फ); मनप्रीत सिंह, सविता (हॉकी); रवि राठौड़ (पोलो); राही सरनोबत, अंकुर मित्तल, श्रेयसी सिंह (निशानेबाजी); मनिका बत्रा, जी सथियान (टेबल टेनिस); रोहन बोपन्ना (टेनिस); सुमित (कुश्ती); पूजा काडिया (वुशु); अंकुर धामा (पैरा-एथलेटिक्स); मनोज सरकार (पैरा-बैडमिंटन)।
द्रोणाचार्य पुरस्कार: सी ए कुट्टप्पा (मुक्केबाजी); विजय शर्मा (भारोत्तोलन); ए श्रीनिवास राव (टेबल टेनिस); सुखदेव सिंह पन्नू (एथलेटिक्स); क्लेरेंस लोबो (हॉकी, आजीवन); तारक सिन्हा (क्रिकेट, आजीवन); जीवन कुमार शर्मा (जूडो, आजीवन); वी आर बीडु (एथलेटिक्स, आजीवन)।
ध्यानचंद पुरस्कार: सत्यदेव प्रसाद (तीरंदाजी); भरत कुमार छेत्री (हॉकी); बॉबी अलॉयसियस (एथलेटिक्स); चौगले दादू दत्तात्रेय (कुश्ती)।