Sports

स्पोर्ट्स डेस्क : वैभव सूर्यवंशी इस समय शानदार फॉर्म में हैं और अब IPL के साथ-साथ T20 क्रिकेट में इतिहास रचने के बेहद करीब पहुंच गए हैं। 1000 रन के इस बड़े मुकाम से वह सिर्फ 99 रन दूर हैं और अगर अगली पारियों में यह आंकड़ा हासिल कर लेते हैं, तो सबसे कम पारियों में 1000 रन बनाने वाले खिलाड़ियों की लिस्ट में शामिल हो सकते हैं।

ऑस्ट्रेलियाई दिग्गजों का रिकॉर्ड खतरे में

T20 क्रिकेट में सबसे तेज 1000 रन बनाने का रिकॉर्ड ऑस्ट्रेलिया के पूर्व बल्लेबाज ब्रैड हॉज और शॉन मार्श के नाम है, जिन्होंने 23 पारियों में यह उपलब्धि हासिल की थी। अगर सूर्यवंशी अगली पारी में शतक लगा देते हैं, तो वह इस रिकॉर्ड की बराबरी कर सकते हैं।

आंकड़े बता रहे दमदार फॉर्म

अब तक सूर्यवंशी ने 22 पारियों में 901 रन बनाए हैं। उनका औसत 42.90 और स्ट्राइक रेट 215.55 का है, जिसमें 3 शतक और 3 अर्धशतक शामिल हैं। यह आंकड़े उनके शानदार फॉर्म और आक्रामक बल्लेबाजी को दर्शाते हैं।13 अप्रैल को सनराइजर्स हैदराबाद के खिलाफ होने वाले मुकाबले में सूर्यवंशी के पास इतिहास रचने का सुनहरा मौका होगा। अगर वह इस मैच में शतक लगाते हैं, तो वह सबसे तेज 1000 T20 रन बनाने वाले बल्लेबाजों की सूची में शामिल हो जाएंगे।

हेडन के रिकॉर्ड पर भी नजर

अगर वह अगली पारी में यह उपलब्धि हासिल नहीं कर पाते, तो भी उनके पास 24वीं पारी में मैथ्यू हेडन के रिकॉर्ड की बराबरी करने का मौका रहेगा। राजस्थान का अगला मुकाबला इसके बाद कोलकाता नाइट राइडर्स के खिलाफ होगा। सूर्यवंशी के पास भारत की ओर से सबसे तेज 1000 T20 रन बनाने का रिकॉर्ड तोड़ने का भी मौका है। यह रिकॉर्ड फिलहाल देवदत्त पडिक्कल के नाम है, जिन्होंने 25 पारियों में यह उपलब्धि हासिल की थी।

IPL में भी बना सकते हैं बड़ा रिकॉर्ड

सूर्यवंशी IPL में भी बड़ा रिकॉर्ड बना सकते हैं। उन्हें 500 IPL रन पूरे करने के लिए सिर्फ 48 रन चाहिए। अगर वह यह उपलब्धि हासिल कर लेते हैं, तो गौतम गंभीर के सबसे तेज 500 रन के रिकॉर्ड की बराबरी कर सकते हैं। 15 साल के सूर्यवंशी ने IPL में अब तक 11 पारियों में 452 रन बनाए हैं। उनका औसत 41+ और स्ट्राइक रेट करीब 230 है, जिसमें 1 शतक और 3 अर्धशतक शामिल हैं।