Sports

खेल डैस्क : अंडर 19 क्रिकेट विश्व कप में टीम इंडिया ने सुपर 6 के आखिरी मुकाबले में नेपाल को 132 रनों से हराकर अपना अजेय अभियान जारी रखा है। ब्लोएमफ़ोंटिन के मैदान पर खेले गए मुकाबले में भारतीय टीम ने पहले खेलते हुए उदय सहारन और सचिन के शतकों की बदौलत 5 विकेट खोकर 297 रन बनाए थे। जवाब में खेलने उतरी नेपाल की टीम 50 ओवरों में 9 विकेट खोकर 165 रन ही बना पाई। भारत के लिए सौम्या पांडे ने 29 रन देकर 4 विकेट लेने में सफल रहे। सौम्या के नाम अब विश्व कप के 5 मैचों में 16 विकेट हो गए हैं।

इससे पहले भारतीय टीम ने कप्तान उदय सहारन के 100 और सचिन दास के 116 रनों की बदौलत नेपाल को 298 रनों का लक्ष्य दिया था। टीम इंडिया ने एक समय 62 रन पर 3 विकेट गंवा दिए थे लेकिन इसके बाद उदय और सचिन ने 215 रनों की साझेदारी कर टीम को 300 के पास पहुंचा दिया। नेपाल की ओर से गुलसन झा सबसे सफल गेंदबाज रहे जिन्होंने 56 रन देकर 3 विकेट लिए।

 

 

 

कप्तान उदय ने क्रिकेट विश्व कप का अपना पहला शतक जमाया। इससे पहले दक्षिण अफ्रीका में हुई सीरीज के दौरान भी उनके बल्ले से 112 रन निकले थे। विश्व कप की बात करें तो इससे पहले वह 2 अर्धशतक भी लगा चुके हैं और टीम की आगे बढ़कर अगुवाई कर रहे हैं। भारतीय टीम की ओर से आदर्श सिंह (21) के साथ अर्शिन कुलकर्णी (18) ने पारी की शुरूआती की थी। दोनों ओपनर्स बढ़ा स्कोर नहीं बना पाए। इसके बाद प्रियांशू मोलिया भी 36 गेंदों पर 19 रन बनाकर आऊट हो गए। इसके बाद कप्तान उदय ने 107 गेंदों पर 9 चौकों की मदद से 100 तो सचिन दास ने 101 गेंदों पर 11 चौके और 3 छक्कों की मदद से 116 रन बनाए। अंत में मुशीर ने 9 रन बनाकर स्कोर 297 तक पहुंचा दिया। नेपाल की ओर से गेंदबाजी करते हुए गुलसन झा ने आदर्श, उदय और सचिन के विकेट चटकाए। इसके बाद आकाश चांद ने 65 रन देकर एक विकेट लिया।

 


हालांकि नेपाल ने लक्ष्य का पीछा करते हुए अच्छी शुरुआत की थी। ओपनर दीपक बोहरा (22) और अर्जुन कुमल (26) ने पहले विकेट के लिए 48 रन जोड़े। लेकिन इसके बाद नेपाल का मध्यक्रम ढेर हो गया। कप्तान देव खनाल (33) को छोड़कर नेपाली बल्लेबाज संघर्ष करते नजर आए। बिशल बिकरम ने 1, दीपक 0, गुलसन 1, दीपेष 0 तो सुदेश 5 रन ही बना पाए। अंत में दुर्गेश गुप्ता (29) और आकाश चांद (19) ने कुछ संघर्ष किया लेकिन तब तक बहुत देर हो चुकी थी। भारत की ओर से सौम्या पांडे ने 4, अर्शिन कुलकर्णी ने 2 तो राज, शुक्ला और मुरुगन ने 1-1 विकेट लिया।

 

टीम इंडिया का विश्व कप में प्रदर्शन शानदार रहा है। उन्होंने पहला मुकाबला बांग्लादेश के खिलाफ खेला था जिसे 84 रन से जीत हासिल की थी। इसके बाद आयरलैंड को 201, यूएसए को 201 तो न्यूजीलैंड को 214 रनों से हराया।


दोनों टीमों की प्लेइंग 11 
नेपाल अंडर-19 :
अर्जुन कुमल, दीपक बोहरा, उत्तम थापा मगर (विकेटकीपर), देव खनाल (कप्तान), बिशाल बिक्रम केसी, दीपक डुमरे, गुलसन झा, दीपेश कंदेल, सुभाष भंडारी, आकाश चंद, दुर्गेश गुप्ता।
भारत अंडर-19 : आदर्श सिंह, अर्शिन कुलकर्णी, मुशीर खान, उदय सहारन (कप्तान), प्रियांशु मोलिया, सचिन धस, अरावेली अवनीश (विकेटकीपर), मुरुगन अभिषेक, राज लिम्बानी, सौम्य पांडे, आराध्या शुक्ला।