स्पोर्ट्स डेस्क: IPL 2026 में डिफेंडिंग चैंपियन Royal Challengers Bengaluru को बड़ा झटका लगा है। टीम के स्टार ओपनर Phil Salt उंगली की चोट के कारण स्कैन के लिए यूके लौट गए हैं। इस चोट की वजह से सॉल्ट पिछले तीन मैचों से बाहर चल रहे हैं, जिससे टीम की बल्लेबाजी पर असर पड़ा है।
कैसे लगी थी चोट?
रिपोर्ट्स के मुताबिक, सॉल्ट को यह चोट 18 अप्रैल को दिल्ली कैपिटल्स के खिलाफ मैच के दौरान लगी थी। बाउंड्री लाइन के पास डाइव लगाते समय उनकी बाएं हाथ की उंगली में चोट आई, जिसके बाद से वह मैदान से बाहर हैं।
RCB ने नहीं दी आधिकारिक जानकारी
फ्रेंचाइजी ने अब तक चोट की गंभीरता को लेकर कोई आधिकारिक बयान नहीं दिया है। हालांकि, रिपोर्ट्स में बताया गया है कि चोट की स्थिति जानने के लिए सॉल्ट को UK भेजा गया है, जहां उनका स्कैन होगा।
जैकब बेथेल को मिला मौका
सॉल्ट की गैरमौजूदगी में युवा बल्लेबाज Jacob Bethell को ओपनिंग का मौका मिला है। उनकी टीम में जगह फिलहाल बरकरार रह सकती है, क्योंकि सॉल्ट की वापसी में अभी समय लग सकता है।
सीजन में शानदार फॉर्म में थे सॉल्ट
चोट से पहले फिल सॉल्ट शानदार फॉर्म में नजर आ रहे थे। उन्होंने 6 पारियों में 202 रन बनाए, वो भी 168.33 के स्ट्राइक रेट से, जिससे RCB को तेज शुरुआत मिल रही थी।
वापसी को लेकर उम्मीद बरकरार
रिपोर्ट के अनुसार, सॉल्ट और टीम मैनेजमेंट दोनों को उम्मीद है कि वह इस महीने के अंत तक भारत लौट सकते हैं। RCB इस सीजन अपने खिताब को बचाने की कोशिश में है, ऐसे में सॉल्ट की वापसी टीम के लिए बेहद अहम होगी।
टीम का मौजूदा हाल
RCB इस समय कप्तान Rajat Patidar की अगुवाई में खेल रही है। टीम को हाल ही में गुजरात टाइटंस के खिलाफ हार का सामना करना पड़ा था, जिसके बाद खिलाड़ी ब्रेक पर हैं और अगला मुकाबला लखनऊ सुपर जायंट्स के खिलाफ खेला जाएगा।