Sports

ओस्लो : दो बार के ओलंपिक पदक विजेता नॉर्वे के नाविक ओलाफ टफ्टे का मंगलवार को 50 वर्ष की आयु में निधन हो गया। 21वीं सदी की शुरुआत में नौकायन के सबसे बेहतरीन नाविक में से एक, टफ्टे पानी के अंदर और बाहर अपने प्रतिद्वंद्वियों के साथ दुश्मन के बजाय दोस्त बनने के लिए जाने जाते थे। 

7 बार ओलंपिक में हिस्सा लेने वाले टफ्टे ने अटलांटा 1996 ओलंपिक खेलों में अपना डेब्यू किया था। टोक्यो 2020 ओलंपिक खेलों के बाद अंतरराष्ट्रीय नौकायन से संन्यास लेने से पहले उन्होंने चार पदक (दो स्वर्ण, एक रजत और एक कांस्य) जीते। तब तक, उनके नाम छह वर्ल्ड चैंपियनशिप पदक थे और उन्हें खेल के सबसे प्रतिष्ठित व्यक्तिगत सम्मान थॉमस केलर पदक से सम्मानित किया गया था।

उनके लिए रोइंग सिर्फ एक ओलंपिक खेल नहीं, बल्कि जीने का एक तरीका था। उन्होंने एक बार ‘वर्ल्ड रोइंग' से कहा था, 'मैं जानता हूं कि मैं क्या करता हूं, मैं रोइंग परिवार को जानता हूं, और मैंने रोइंग को एक लाइफस्टाइल के तौर पर अपनाया, न कि सिर्फ एक पल के तौर पर।' 

युवा प्रतिभा को गाइड करने और प्रतिद्वंद्वियों का हौसला बढ़ाने की उनकी इच्छा को मंगलवार को उनके निधन की घोषणा करने वाले सोशल मीडिया पोस्ट पर कई श्रद्धांजलि संदेशों में याद किया गया। जर्मन ओलंपिक पदक विजेता जेसन ओसबोर्न ने कहा, 'मुझे याद है कि बचपन में मैंने आपको बीजिंग में जीतते हुए देखा था। इसी से मुझे अपना रोइंग करियर शुरू करने की प्रेरणा मिली। आप हमेशा एक सच्ची प्रेरणा रहे हैं और रहेंगे। रेस्ट इन पीस, चैंपियन।' 

उनकी जिदगी की कहानी किसी लोककथा जैसी थी, जिसमें सालों तक प्रतिस्पर्धी नॉकायन के साथ-साथ खेती, फायरफाइटर, एंटरप्रेन्योरशिप, कपड़ों की डिजाइनिंग और यहां तक कि ब्रूइंग (बीयर बनाना) भी शामिल था, क्योंकि उनके अपने शब्दों में, 'मैं आराम करने के लिए नहीं बना हूं। मुझे दूसरे काम करने की जरूरत होती है, वरना मैं बोर हो जाता हूं।' 

मॉडर्न दौर में नॉर्वे के सबसे महान रोवर्स में से एक के तौर पर याद किए जाने वाले टफ्टे अपने पीछे अपनी पत्नी आइना और दो बच्चों को छोड़ गए हैं। ओलंपिक लेवल पर अपनी पहचान बनाने की कोशिश कर रहे युवा रोवर्स के लिए उनकी विरासत आज भी एक मिसाल मानी जाती है।