ओहियो : कोको गॉफ और जेसिका पेगुला सिनसिनाटी ओपन 2026 के फाइनल में आमने-सामने होंगी। यह 56 सालों में पहला ऐसा मौका है जब महिला टेनिस फाइनल में दो अमेरिकी खिलाड़ी भिड़ेंगी। ये दोनों खिलाड़ी पेरिस 2024 ओलंपिक खेलों में महिला युगल मुकाबले में एक साथ खेली थीं (दूसरे राउंड में हार गई थीं) और अब रविवार (23 अगस्त) को ख़तिाब के लिए एक-दूसरे का सामना करेंगी।
शनिवार को खेले गए सेमीफाइनल में चौथी सीड गॉफ ने बिना सीडिंग वाली चेक खिलाड़ी सारा बेजलेक को 76 मिनट तक चले मुकाबले में 6-4, 6-1 से हराया। गॉफ ने पहले सेट में 4-1 की बढ़त बना ली थी, लेकिन बेजलेक ने स्कोर 4-4 से बराबर कर दिया। हालांकि, दो बार की ग्रैंड स्लैम चैंपियन गॉफ ने फिर से सर्विस ब्रेक करके सेट अपने नाम किया और दूसरे सेट में भी बढ़त बनाए रखी, क्योंकि उनकी प्रतिद्वंद्वी से कई गलतियां हो रही थीं।
20 साल की बेजलेक ने टूर्नामेंट में इससे पहले दुनिया की नंबर एक खिलाड़ी आर्यना सबालेंका और मैडिसन कीज को हराकर अपने करियर का पहला WTA 1000 सेमीफाइनल खेला था। इससे पहले दिन में तीसरी सीड पेगुला ने इगा स्वियातेक को 7-5, 4-6, 6-4 से हराकर उनके खिताब बचाने के अभियान को खत्म कर दिया। मैच की शुरुआत में दोनों खिलाड़यिों ने एक-दूसरे की सर्विस तोड़ी (ब्रेक किया), लेकिन फिर बारिश के कारण खेल 1-1 के स्कोर पर रोकना पड़ा। खेल दोबारा शुरू होने पर, 5-5 के स्कोर पर स्वियातेक ने डबल-फॉल्ट किया और फिर एक आसान स्मैश शॉट चूक गईं, जिससे पेगुला ने पहला सेट अपने नाम कर लिया।
स्वियातेक ने वापसी करते हुए दूसरा सेट जीता और निर्णायक सेट में 3-1 की बढ़त बना ली, लेकिन पेगुला ने संघर्ष करते हुए स्कोर 4-4 से बराबर कर दिया। इसके बाद उन्होंने अगले गेम में स्वियातेक की सर्विस तोड़ी और मैच जीत लिया। मैच के बाद पेगुला ने कहा, 'यह वाकई एक मुश्किल मैच था। वह (स्वियातेक) शानदार फॉर्म में हैं। इगा जैसी बेहतरीन एथलीट को सेमीफाइनल में हराना और एक और 1000 टूर्नामेंट के फाइनल में जगह बनाना, बहुत शानदार है।' सिनसिनाटी का पिछला फाइनल दो अमेरिकी महिलाओं के बीच 1970 में हुआ था, जब रोजी कैसल्स ने जीत हासिल की थी।