चेन्नई : एमए चिदंबरम स्टेडियम में खेले गए टी20 वर्ल्ड कप 2026 के ग्रुप-डी मुकाबले में न्यूजीलैंड ने शानदार प्रदर्शन करते हुए अफगानिस्तान को 5 विकेट से हरा दिया। लक्ष्य का पीछा करते हुए कीवी टीम ने 17.5 ओवर में ही मुकाबला अपने नाम कर लिया और टूर्नामेंट की विजयी शुरुआत की। चुनौतीपूर्ण पिच पर अफगान गेंदबाजों ने संघर्ष जरूर किया, लेकिन न्यूजीलैंड की संयमित बल्लेबाज़ी आखिरकार भारी पड़ी।
आईसीसी टी20 विश्व कप के ग्रुप डी मुकाबले में अनुभवी बल्लेबाज़ गुलबदिन नायब की शानदार अर्धशतकीय पारी के दम पर अफगानिस्तान ने न्यूजीलैंड के खिलाफ 6 विकेट पर 182 रन का चुनौतीपूर्ण स्कोर खड़ा किया। हालांकि, चेन्नई की धीमी पिच पर न्यूजीलैंड की अनुशासित गेंदबाज़ी ने अफगान बल्लेबाज़ों को खुलकर खेलने का मौका नहीं दिया।
टॉस जीतकर पहले बल्लेबाज़ी करने उतरी अफगानिस्तान की टीम ने पावरप्ले में संभलकर खेलते हुए 2 विकेट पर 44 रन बनाए। सलामी बल्लेबाज़ रहमानुल्लाह गुरबाज़ ने 27 रन (22 गेंद) की पारी में कुछ आकर्षक स्कूप शॉट खेले, लेकिन छठे ओवर में लॉकी फर्ग्युसन की धीमी गेंद पर बोल्ड हो गए। उसी ओवर की आखिरी गेंद पर फर्ग्युसन ने इब्राहिम जादरान (10) को ग्लेन फिलिप्स के हाथों कैच करा दिया।
इसके बाद गुलबदिन नायब (63 रन, 35 गेंद) और सेदिकुल्लाह अटल (29 रन, 24 गेंद) ने तीसरे विकेट के लिए 79 रन की अहम साझेदारी कर पारी को संभाला। गुलबदिन ने सिर्फ 29 गेंदों में अर्धशतक पूरा किया और जैकब डफी के ओवर में दो छक्के व एक चौका लगाकर रन गति बढ़ाई। हालांकि, अटल तेजी से रन बनाने में नाकाम रहे और डफी ने उन्हें विकेटकीपर टिम सीफर्ट के हाथों कैच कराकर इस साझेदारी को तोड़ा।
अंतिम ओवरों में गुलबदिन ने दरवेश रसूली (20 रन, 13 गेंद) के साथ मिलकर 17 गेंदों में 33 रन जोड़कर स्कोर को 150 के पार पहुंचाया। लेकिन 18वें ओवर में वह रचिन रविंद्र की गेंद पर विकेटकीपर को कैच दे बैठे। इसके बाद अजमतुल्लाह उमरजई ने 14 रन बनाते हुए दो छक्के जड़कर अफगानिस्तान को 180 रन के पार पहुंचाया।
न्यूजीलैंड की ओर से लॉकी फर्ग्युसन सबसे सफल गेंदबाज़ रहे, जिन्होंने 40 रन देकर 2 विकेट झटके। अंततः अफगानिस्तान ने न्यूजीलैंड के सामने जीत के लिए 183 रन का लक्ष्य रखा।