स्पोर्ट्स डेस्क: आईपीएल 2023 के मिनी ऑक्शन में इंग्लैंड के धुरंधर ऑलराउंडर बेन स्टोक्स को चेन्नई सुपर किंग्स ने अपने टीम में शामिल किया है। चेन्नई ने 16.25 करोड़ रुपए खर्च कर इस खिलाड़ी को अपनी टीम में शामिल किया है। इस रकम को हासिल करने के बाद बेन स्टोक्स आईपीएल इतिहास के तीसरे सबसे महंगे खिलाड़ी बन गए हैं।
बेन स्टोक्स ने निजी कारणों की वजह से आईपीएल 2022 सीजन में हिस्सा नहीं लिया था। इससे पहले वह राजस्थान रॉयल्स टीम का हिस्सा थे। इसके अलावा वह 2017 में राइजिंग पुणे सुपरजायंट्स टीम का हिस्सा रह चुके हैं। स्टोक्स और धोनी पुणे टीम में एक साथ खेल चुके हैं। वहीं आईपीएल 2023 में ये दोनों खिलाड़ी एक बार फिर एक ही टीम से खेलते हुए नजर आएंगे।
इन दोनों खिलाड़ियों को एक साथ खेलते देखने के लिए फैंस काफी उत्सुक हैं और ट्विटर पर जमकर प्रतिक्रियाएं दे रहे हैं।