स्पोर्ट्स डेस्क : सनराइजर्स हैदराबाद ने आईपीएल 2026 में शानदार प्रदर्शन जारी रखते हुए रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु को 55 रन से हराकर प्लेऑफ में जगह पक्की कर ली। हैदराबाद के राजीव गांधी इंटरनेशनल स्टेडियम में खेले गए मुकाबले में SRH ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवर में 255/4 का विशाल स्कोर खड़ा किया। जवाब में RCB की टीम 20 ओवर में 200/4 रन ही बना सकी। इस जीत के साथ SRH अंक तालिका में तीसरे स्थान पर पहुंच गई और अब टीम एलिमिनेटर मुकाबला खेलेगी।
‘सीजन अभी खत्म नहीं हुआ’
मैच के बाद सनराइजर्स हैदराबाद के मुख्य कोच डेनियल विटोरी ने टीम के प्रदर्शन की जमकर तारीफ की। उन्होंने कहा, 'हमने वास्तव में बहुत अच्छा क्रिकेट खेला। हर चीज एक साथ नहीं मिल सकती, लेकिन यह शानदार मैच था। खिलाड़ी अविश्वसनीय रहे। सीजन अभी खत्म नहीं हुआ है। हमने नौ मैच जीते हैं और यह शानदार अभियान रहा है।'
‘मिडिल ऑर्डर ज्यादा टेस्ट नहीं हुआ’
विटोरी ने माना कि टीम का मिडिल ऑर्डर इस सीजन ज्यादा बल्लेबाजी नहीं कर पाया है और प्लेऑफ से पहले यह चिंता का विषय हो सकता है। उन्होंने कहा, 'हमारा मिडिल ऑर्डर इस सीजन ज्यादा बल्लेबाजी नहीं कर पाया है, इसलिए बड़े मुकाबलों से पहले हम उस पर नजर बनाए रखेंगे। लेकिन टीम का प्रदर्शन शानदार रहा है।'
टॉप ऑर्डर और गेंदबाजों की जमकर तारीफ
SRH कोच ने टीम के टॉप ऑर्डर की जमकर तारीफ की। उन्होंने कहा कि ईशान किशन, पैट कमिंस और शाकिब की तिकड़ी ने सीजन के दूसरे हिस्से में बड़ा अंतर पैदा किया। विटोरी ने कहा, 'हमारा टॉप-4 लगातार शानदार रहा है। ईशान, पैट और शाकिब ने दूसरे हाफ में टीम को नई ऊर्जा दी। यही हमारे लिए सबसे बड़ा फर्क साबित हुआ।' उन्होंने गेंदबाजों की भी सराहना की और कहा कि शुरुआती मैच हारने के बाद टीम ने जबरदस्त वापसी की।
‘स्लोअर गेंदों ने फर्क पैदा किया’
RCB के मुख्य कोच एंडी फ्लावर ने हार के बावजूद टीम के लीग स्टेज में टॉप पर रहने पर संतोष जताया। हालांकि उन्होंने माना कि SRH के गेंदबाजों ने धीमी गेंदों का बेहतरीन इस्तेमाल किया। फ्लावर ने कहा, 'उनके तेज गेंदबाजों ने लगभग 50 प्रतिशत स्लोअर गेंदें डालीं। जैसे-जैसे पिच धीमी होती गई, बल्लेबाजी कठिन होती गई।' उन्होंने यह भी माना कि टीम की फील्डिंग उम्मीद के मुताबिक नहीं रही।
‘टिम डेविड और बेथेल की कमी खली’
फ्लावर ने कहा कि टिम डेविड और जैकब बेथेल की गैरमौजूदगी टीम की फील्डिंग पर असर डाल गई। उन्होंने कहा, 'हम मैदान पर उतने तेज नहीं दिखे। टिम डेविड और जैकब बेथेल जैसे खिलाड़ी बाउंड्री पर बड़ा फर्क पैदा करते हैं। हमें इस पर विचार करना होगा।'
वेंकटेश अय्यर की तारीफ में बांधे पुल
एंडी फ्लावर ने वेंकटेश अय्यर की जमकर तारीफ की। उन्होंने कहा कि कम मौके मिलने के बावजूद अय्यर ने हमेशा सकारात्मक रवैया बनाए रखा। फ्लावर ने कहा, 'वेंकटेश ने हर मौके का शानदार फायदा उठाया। उन्होंने लंबे समय तक इंतजार किया, लेकिन हमेशा मुस्कुराते रहे। उन्होंने अभ्यास में भी लगातार मेहनत की। उनका रवैया शानदार रहा है।'
मैच में क्या हुआ?
SRH की ओर से अभिषेक शर्मा ने 22 गेंदों में 56 रन, ईशान किशन ने 46 गेंदों में 79 रन और हेनरिक क्लासेन ने 24 गेंदों में 51 रन की विस्फोटक पारियां खेलीं। जवाब में RCB के लिए वेंकटेश अय्यर ने 19 गेंदों में 44 रन और कप्तान रजत पाटीदार ने 39 गेंदों में 56 रन बनाए, लेकिन टीम लक्ष्य तक नहीं पहुंच सकी।
Match Result
सनराइजर्स हैदराबाद: 255/4 (20 ओवर)
रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु: 200/4 (20 ओवर); सनराइजर्स हैदराबाद ने 55 रन से मैच जीता।