Sports

खेल डैस्क : टीम इंडिया की क्रिकेट विश्व कप यात्रा शुरू होने से ठीक पहले भारतीय सलामी बल्लेबाज शिखर धवन (Shikhar Dhawan) ने मेन इन ब्लू को शुभकामनाएं दीं हैं। अपने आधिकारिक ट्विटर हैंडल पर धवन ने ट्वीट करके भारतीय टीम को प्रेरित करते लिखा- चक दे ​​इंडिया ! चलो दुनिया को नीले रंग से रंग दो, लड़कों! आपकी विश्व कप यात्रा के लिए शुभकामनाएं। उस ट्रॉफी को घर ले आओ! टीम इंडिया वर्ल्ड कप 2023।

 

 

बता दें कि धवन का ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ रिकॉर्ड काफी अच्छा रहा है। धवन ने जब 2013 में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ अपना टेस्ट डैब्यू किया था तब वह ताबड़तोड़ 187 रन बनाने का सफल रहे थे। धवन वीरेंद्र सहवाग के बाद भारत के स्टार ओपनिंग बल्लेबाज रहे। बाएं हाथ के बल्लेबाज ने 167 वनडे मुकाबलों में 44.11 की औसत से 17 शतक और 39 अर्धशतक सहित 6793 रन बनाए हैं। 


बहरहाल, विश्व कप का पहला मुकाबला इंग्लैंड और न्यूजीलैंड के बीच गुजरात के अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में खेला जा रहा है। भारतीय टीम विश्व कप का अपना अभियान 8 अक्टूबर को एम. ए. चिदम्बरम स्टेडियम, चेन्नई, तमिलनाडु में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ शुरू करेगी। बड़े मुकाबले  के लिए दोनों टीमें चेन्नई पहुंच चुकी हैं। टूर्नामेंट से पहले भारतीय टीम इंग्लैंड और नीदरलैंड के खिलाफ अभ्यास मैच बारिश के कारण नहीं खेल पाई थी।


विश्व कप 2023 में भारत का शैड्यूल
भारत अपने 9 लीग मैच 9 अलग-अलग स्थानों पर खेलेगा। देखें सूची-
8 अक्टूबर : भारत बनाम ऑस्ट्रेलिया, चेन्नई, दोपहर 2 बजे
11 अक्टूबर : भारत बनाम अफगानिस्तान, नई दिल्ली, दोपहर 2 बजे
14 अक्टूबर : भारत बनाम पाकिस्तान, अहमदाबाद, दोपहर 2 बजे
19 अक्टूबर : भारत बनाम बांग्लादेश, पुणे, दोपहर 2 बजे
22 अक्टूबर : भारत बनाम न्यूजीलैंड, धर्मशाला, दोपहर 2 बजे
29 अक्टूबर : भारत बनाम इंग्लैंड, लखनऊ, दोपहर 2 बजे
2 नवंबर : भारत बनाम श्रीलंका, मुंबई, दोपहर 2 बजे
5 नवंबर : भारत बनाम दक्षिण अफ्रीका, कोलकाता, दोपहर 2 बजे
11 नवंबर : भारत बनाम नीदरलैंड, बेंगलुरु, दोपहर 2 बजे
(सभी मैच डे-नाइट होंगे)

 

विश्व कप 2023 के लिए भारतीय टीम : 
रोहित शर्मा (कप्तान), हार्दिक पंड्या (उपकप्तान), केएल राहुल, शुभमन गिल, विराट कोहली, श्रेयस अय्यर, सूर्यकुमार यादव, ईशान किशन, रविंद्र जडेजा, अक्षर पटेल, शार्दुल ठाकुर, जसप्रीत बुमराह, मोहम्मद शमी, मोहम्मद सिराज, कुलदीप यादव ।