Sports

स्पोर्ट्स डेस्क: IPL 2026 के फाइनल मुकाबले से पहले पूर्व भारतीय विस्फोटक बल्लेबाज वीरेंद्र सहवाग ने बड़ा बयान दिया है। उनका मानना है कि गुजरात टाइटंस भले ही अपने घरेलू मैदान नरेंद्र मोदी स्टेडियम में खेल रही हो, लेकिन इससे उसे कोई खास बढ़त नहीं मिलने वाली है। सहवाग के अनुसार, खिताबी मुकाबले में दोनों टीमें बराबरी की स्थिति में हैं और मैच पूरी तरह 50-50 रहने वाला है।

रविवार को अहमदाबाद में खेले जाने वाले फाइनल में रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (RCB) और गुजरात टाइटंस (GT) आमने-सामने होंगी। गुजरात ने इस सीजन अपने घरेलू मैदान पर शानदार प्रदर्शन किया है, लेकिन सहवाग का मानना है कि फाइनल जैसे बड़े मैच में परिस्थितियां अलग होती हैं।

'फाइनल में कोई टीम फेवरेट नहीं'

सहवाग ने कहा कि RCB जिस तरह का क्रिकेट पूरे टूर्नामेंट में खेल रही है, उसे देखते हुए किसी एक टीम को फेवरेट नहीं कहा जा सकता। उन्होंने कहा, 'RCB ने इस सीजन शानदार क्रिकेट खेली है। मेरी नजर में यह मुकाबला पूरी तरह 50-50 है।'

BCCI तैयार करती है फाइनल की पिच

पूर्व भारतीय सलामी बल्लेबाज ने बताया कि फाइनल के लिए पिच की तैयारी BCCI की निगरानी में होती है, इसलिए किसी भी टीम को घरेलू परिस्थितियों का अतिरिक्त लाभ नहीं मिलता। सहवाग ने कहा, 'चूंकि यह फाइनल है, इसलिए विकेट BCCI की देखरेख में तैयार की जाती है। ऐसे में दोनों टीमों के लिए समान परिस्थितियां रहती हैं।'

शानदार लय में है RCB

RCB ने क्वालिफायर-1 में गुजरात टाइटंस को 92 रन से हराकर सीधे फाइनल में जगह बनाई थी। रजत पाटीदार की कप्तानी में टीम ने बल्लेबाजी और गेंदबाजी दोनों विभागों में दमदार प्रदर्शन किया है। विराट कोहली की निरंतरता, पाटीदार की आक्रामक बल्लेबाजी और गेंदबाजों के शानदार प्रदर्शन ने RCB को इस सीजन की सबसे मजबूत टीमों में शामिल किया है। अगर बेंगलुरु फाइनल जीतती है तो वह लगातार दो IPL खिताब जीतने वाली तीसरी टीम बन जाएगी।

गिल-सुदर्शन पर टिकी GT की उम्मीदें

दूसरी ओर गुजरात टाइटंस ने क्वालिफायर-2 में राजस्थान रॉयल्स को हराकर फाइनल का टिकट कटाया। कप्तान शुभमन गिल ने शतक जड़ा, जबकि साई सुदर्शन ने भी पूरे सीजन में शानदार प्रदर्शन किया है। गुजरात की सफलता काफी हद तक उसके सलामी जोड़ी गिल और सुदर्शन पर निर्भर रही है। फाइनल में भी टीम को उनसे बड़ी पारी की उम्मीद होगी। सहवाग का मानना है कि दोनों टीमों के बीच कांटे की टक्कर देखने को मिलेगी और ट्रॉफी किसी भी तरफ जा सकती है।

NO Such Result Found